ETV Bharat / state

ठंड से कांपा मध्य प्रदेश, 18 जिलों में स्कूलों की छुट्टी, बच्चों की मौज

मध्य प्रदेश में हाड़ कंपाने वाली ठंड ने 18 जिलों में करवाई स्कूलों की छुट्टी, कई जिलों में बदला समय.

MADHYA PRADESH 18 SCHOOLS CLOSED
18 जिलों में स्कूलों की छुट्टी (Getty Image)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : January 5, 2026 at 4:08 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

ग्वालियर: मध्य प्रदेश में कड़ाके की ठंड ने जनजीवन को अस्तव्यस्त कर दिया है. कई जिलों में घना कोहरा और शीतलहर का असर दिखायी दे रहा है. जिसको देखते हुए ग्वालियर चम्बल अंचल सहित प्रदेश के कई जिलों में स्कूलों की छुट्टियां कर दी गई है. वहीं कई जिलों में स्कूलों का समय बदल दिया गया है.

शीतलहर की चपेट में कई जिले

बीते तीन दिनों से प्रदेश के कई जिलों में हाड़ कंपा देने वाली सर्दी से लोग जूझ रहे हैं. जहां पचमढ़ी में ओस तक जमने की तस्वीरें सामने आई, तो वहीं ग्वालियर, भिंड, शिवपुरी घने कोहरे में लिपटे दिखाई दिए. शीतलहर की वजह से मौसम का पारा ग्वालियर में 7 डिग्री सेल्सियस से भी कम रहा. मौसम विभाग ने 2 दिनों तक भारी कोहरे और शीतलहर की चेतावनी जारी कर दी है. जिसको देखते हुए प्रदेश के 18 जिलों में स्कूली छात्रों के लिए छुट्टियां घोषित कर दी गई हैं.

MP Schools Holiday Extreme Cold
स्कूलों की छुट्टी के आदेश की कॉपी (ETV Bharat)

ग्वालियर में 5-6 जनवरी को स्कूलों की छुट्टी

ग्वालियर में जिला शिक्षा अधिकारी ने आदेश जारी किया है कि, अत्यधिक ठंड और शीतलहर से बच्चों को बचाने के लिए ग्वालियर के सभी शासकीय और निजी विद्यालयों में पढ़ने वाले 8वीं तक सभी छात्रों के लिए 5 और 6 जनवरी को अवकाश रहेगा. हालांकि इस दौरान स्कूलों में शिक्षकों को मौजूद रहना पड़ेगा. स्कूलों के साथ ही अनगनबाड़ियों की भी इन दो दिनों में छुट्टी घोषित की गई है.

Madhya Pradesh Cold Wave Alert
गुना जिला शिक्षा अधिकारी के आदेश की कॉपी (ETV Bharat)

दतिया में 10 जनवरी तक प्राइमरी स्कूल बंद

ग्वालियर के अलावा दतिया जिले में 5वीं तक के छात्रों के लिए 10 जनवरी तक स्कूलों में अवकाश रहेगा. जबकि 6वीं से 12वीं तक छात्रों के लिए स्कूलों के समय में परिवर्तन किया गया है. ये कक्षाएं सुबह 10 बजे के बाद संचालित होंगी. इनके साथ रायसेन में भी 7 जनवरी तक पांचवीं तक के स्कूली छात्रों की छुट्टी रहेगी. इंदौर में भी 3 दिनों की छुट्टी घोषित कर दी गई है. जिसमें नर्सरी से 8वीं तक के छात्रों का अवकाश घोषित किया है.

इन जिलों में 8 वीं तक अवकाश घोषित

ग्वालियर, दतिया के साथ-साथ भिंड, शिवपुरी, गुना, राजगढ़, टीकमगढ़, विदिशा, मंदसौर, शाजापुर, आगर मालवा, नीमच, रतलाम, मंडला, जबलपुर, डिंडोरी जिलों में भी 5 और 6 जनवरी की 2 दिन की छुट्टी नर्सरी से कक्षा 8 तक के छात्रों के लिए स्कूलों में अवकाश रहेगा. वहीं मुरैना, भोपाल धार समेत कुछ जिलों में स्कूलों का समय परिवर्तन किया गया है. वहीं उज्जैन, अशोक नगर और हरदा में भी सोमवार को स्कूल बंद रहे.