बोकारो में 30 जंगली हाथियों का मूवमेंट, गर्भवती हथिनी भी शामिल, प्रशासन ने जारी किया अलर्ट
बोकारो में 30 जंगली हाथियों का झुंड विचरण कर रहा है, जिनमें तीन मादा हाथी गर्भवती हैं.

Published : June 28, 2026 at 11:12 AM IST
बोकारो: जिला के गोमिया प्रखंड अंतर्गत इलाके में 30 जंगली हाथियों का एक झुंड विचरण कर रहा है, जिसमें तीन मादा हाथी गर्भवती है. जिसके कारण उनका इस क्षेत्र में विचरण बहुत धीमा है. गोपो, पालू, बड़की पुन्नू और कुसुमडीह-कानीडीह क्षेत्र में 30 हाथियों का झुंड अलग-अलग हिस्सों में सक्रिय है, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है.
वन विभाग और प्रशासन ने इसे लेकर विशेष हाई अलर्ट जारी कर दिया है. बताया जा रहा है कि झुंड में 2 से 3 हथनियां गर्भवती हैं, जिसके कारण हाथियों की गति धीमी है और वे लंबे समय तक इसी क्षेत्र में डेरा डाल सकते हैं. विशेषज्ञों के अनुसार गर्भावस्था और बच्चे के जन्म के दौरान हाथियों का व्यवहार अधिक आक्रामक और अस्थिर हो जाता है.
जिला प्रशासन की ओर से महुआटांड़, धवईया, सिमराबेड़ा, दरहाबेड़ा, कुसुमडीह, कानीडीह, गागा, टिकाहारा, फुटकाडीह और कंडेर गांवों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं. प्रशासन ने ग्रामीणों को रात में बाहर न निकलने, हाथियों के पास न जाने और किसी प्रकार का शोर या छेड़छाड़ न करने की सख्त हिदायत दी है.
वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत उल्लंघन पर कार्रवाई होगी. सुरक्षा के लिए 2 QRT टीमें तैनात की गई हैं. इन QRT टीमों के मोबाइल नंबर भी जारी किए गए हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति में इन नंबरों पर संपर्क किया जा सके.
इस संबंध में बोकारो जिले के प्रभारी डीएफओ संदीप कुमार शिंदे ने बताया कि झुंड में मादा हाथी भी शामिल है. मादा हाथी के गर्भवती होने पर झुंड का विचारण धीमा जरूर हो जाता है, लेकिन काफी आक्रामक हो जाता है.
ये भी पढ़ें: रामगढ़ में जंगली हाथियों का खौफ: गोला और चितरपुर में 22 हाथियों का डेरा
24 घंटे में हाथी ने दो महिलाओं को मार डाला, दहशत में गुजर रही रात
गढ़वा के चिनियां प्रखंड के जंगल में मिला हाथी का शव, जांच में जुटा विभाग

