माउंट एवरेस्ट फतह के बाद अमिता श्रीवास की बिगड़ी तबीयत, CM साय ने अधिकारियों को दिए हरसंभव मदद के निर्देश
अमिता श्रीवास के स्वास्थ्य को लेकर छत्तीसगढ़ सरकार सजग, मुख्यमंत्री ने कहा- राज्य सरकार उनके परिवार के साथ खड़ी है

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : May 24, 2026 at 8:09 PM IST
रायपुर: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले की रहने वाली पर्वतारोही अमिता श्रीवास ने दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट (8848 मीटर) पर तिरंगा फहराया है. उन्होंने यह ऐतिहासिक सफलता 22 मई 2026 को हासिल की. लेकिन वापसी के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई है जिसे लेकर CM साय ने मदद के निर्देश दिए हैं.
बेस कैंप लौटते समय बिगड़ी तबीयत
माउंट एवरेस्ट की चोटी पर पहुंचने के बाद जब अमिता वापस नीचे बेस कैंप लौट रही थीं, तब अत्यधिक ऊंचाई, शून्य से 40 डिग्री नीचे तापमान और ऑक्सीजन की कमी के कारण उनकी तबीयत खराब हो गई. उन्हें गंभीर फ्रॉस्टबाइट (अत्यधिक ठंड से अंगों का सुन्न होना) और ऊंचाई की वजह से होने वाली स्वास्थ्य समस्याएं हुई हैं.
हेलीकॉप्टर से रेस्क्यू, काठमांडू में इलाज जारी
तबीयत बिगड़ने के तुरंत बाद अमिता को हेलीकॉप्टर के जरिए रेस्क्यू किया गया. उन्हें इलाज के लिए नेपाल की राजधानी काठमांडू के नॉर्विक इंटरनेशनल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है.
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दिए मदद के निर्देश
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने सोशल मीडिया (X) पर इस घटना की जानकारी देते हुए कहा कि राज्य सरकार अमिता और उनके परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है. मुख्यमंत्री ने सरकार के सीनियर अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे काठमांडू में लगातार संपर्क बनाए रखें और अमिता के बेहतर इलाज के लिए हर संभव सरकारी सहायता तुरंत उपलब्ध कराएं.
पूरे प्रदेश को अमिता पर गर्व
मुख्यमंत्री साय ने अमिता की इस कामयाबी की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने अपने साहस और कड़ी मेहनत से छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है. सीएम ने अमिता के जल्द से जल्द पूरी तरह स्वस्थ होकर घर लौटने की कामना की है. उनकी इस बड़ी कामयाबी से पूरे देश और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन हुआ है.

