बेलगड़िया के युवाओं को मिलेगा कौशल विकास और खेल के नए अवसर, जेआरडीए और टाटा स्टील फाउंडेशन के बीच एमओयू
धनबाद में बेलगड़िया के युवाओं को लेकर जेआरडीए और टाटा स्टील फाउंडेशन के बीच एमओयू हुआ है.

Published : May 11, 2026 at 9:03 PM IST
धनबादः बेलगड़िया पुनर्वास क्षेत्र में युवाओं के लिए रोजगार और खेल के क्षेत्र में नई संभावनाओं का रास्ता खुल गया है. झरिया पुनर्वास एवं विकास प्राधिकरण यानी जेआरडीए और टाटा स्टील फाउंडेशन के बीच सोमवार को एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए. इस साझेदारी के तहत बेलगड़िया और आसपास के क्षेत्रों के युवाओं को कौशल विकास, आजीविका और खेल गतिविधियों से जोड़ने की पहल की जाएगी.
धनबाद समाहरणालय में आयोजित कार्यक्रम में जेआरडीए के उप मुख्य कार्यकारी अधिकारी सह उपायुक्त आदित्य रंजन और टाटा स्टील फाउंडेशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सौरव रॉय ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए.
उपायुक्त आदित्य रंजन ने बताया कि यह समझौता बेलगड़िया क्षेत्र में गैर-वित्तीय तकनीकी सहयोग की दिशा में एक अहम कदम है. इसका उद्देश्य झरिया मास्टर प्लान के तहत पुनर्वासित परिवारों, विशेषकर युवाओं को प्रशिक्षण, रोजगार और खेल के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है.

उन्होंने कहा कि इस परियोजना के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी जेआरडीए निभाएगा, जबकि टाटा स्टील फाउंडेशन तकनीकी मार्गदर्शन, विशेषज्ञता और क्षमता निर्माण में सहयोग देगा. कार्यक्रम में बेलगड़िया के साथ-साथ पलानी पंचायत के युवाओं को भी प्राथमिकता दी जाएगी.
टाटा स्टील फाउंडेशन के सीईओ सौरव रॉय ने कहा कि बेलगड़िया में पुनर्वास और सामुदायिक विकास को लेकर जेआरडीए के प्रयास सराहनीय है. उन्होंने विश्वास जताया कि यह साझेदारी स्थानीय युवाओं को सशक्त बनाने और क्षेत्र में स्थायी विकास सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी.
इस समझौते के माध्यम से कौशल प्रशिक्षण, रोजगार उन्मुख कार्यक्रम और जमीनी स्तर पर खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में व्यापक कार्य किए जाएंगे. इस कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त सन्नी राज, डीआरडीबी निदेशक राजीव रंजन, टाटा स्टील फाउंडेशन के सीओओ देवदूत मोहंती, यशवंत कुमार सिंह, चंद्रेया मजुमदार, प्रियंका शर्मा सहित जेआरडीए और टाटा स्टील फाउंडेशन के कई अधिकारी उपस्थित रहे.
इसे भी पढ़ें- बेलगड़िया टाउनशिप: सुरक्षित जिंदगी की शुरुआत, लेकिन संघर्ष अब भी जारी
इसे भी पढ़ें- आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ेंगी बेलगड़िया की महिलाएं, डीसी ने किया हस्तशिल्प केंद्र उद्घाटन
इसे भी पढ़ें- केंद्रीय कोल सचिव ने बेलगड़िया टाउनशिप में स्वास्थ्य सुविधाओं का किया उद्घाटन, कहा- विस्थापितों को मिलेगा मालिकाना हक

