मेरठ में भीषण सड़क हादसा, बाइक सवार की मौत
ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार की मौत, परिवार में हड़कंप

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : June 30, 2026 at 3:57 PM IST
मेरठ: जनपद के दौराला थाना क्षेत्र में काली नदी पुल के पास एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार को टक्कर मार दी. घटना में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई. मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सुचना दी, सुचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
क्षेत्राधिकारी (CO) दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल के अनुसार, मृतक की पहचान मवाना निवासी कुलदीप सैनी (40 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मवाना सब्जी मंडी में आढ़ती का काम करते थे. परिजनों के मुताबिक, कुलदीप 24 जून को किसी काम से देहरादून गए थे.
सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात जब वह ट्रेन से वापस लौटे, तो दौराला से मवाना घर आ रहे थे. उन्होंने अपनी पत्नी सपना को फोन कर घर पहुंचने की जानकारी भी दी थी, लेकिन रास्ते में ही काली नदी पुल के पास एक ट्रैक्टर ने उनकी बाइक मे टक्कर मार दी, जिससे कुलदीप की मौत हो गई.
घटना की देर रात तक, जब कुलदीप घर नहीं पहुंचे, तो पत्नी लगातार फोन मिलाती रही, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. सुबह पुलिस के जरिए हादसे की खबर मिलते ही हंसता-खेलता परिवार में कोहराम मच गया. दो मासूम बच्चों (11 वर्षीय बेटा वंश और 6 वर्षीय बेटी तन्वी) के सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया.
हादसे की सूचना मिलते ही दौराला पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पीड़ित परिवार की तरफ से दी जाने वाली तहरीर के आधार पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा (FIR) दर्ज कराया गया है. दुर्घटना के बाद से फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.
ये भी पढ़ें: फिरोजाबाद में सड़क किनारे सो रहे पिता-पुत्र को बेकाबू ट्रक ने रौंदा; दोनों की मौत, बेटी की हालत गंभीर

