गोरखपुर: सरयू नदी में पलटी मोटर बोट; लाइफ जैकेट और आपदा मित्र की सतर्कता से बची लोगों की जान
मोटर बोट में सवार सभी लोग लाइफ जैकेट पहने थे, वरना नदी की तेज धार में लोगों को बचाना मुश्किल हो जाता.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : July 3, 2026 at 8:30 PM IST
गोरखपुर: बड़हलगंज कोतवाली क्षेत्र के मुक्तिधाम घाट पर शुक्रवार को उस समय चीख-पुकार मच गई, जब पांच यात्रियों से भरी एक मोटर बोट सरयू नदी की बीच धारा में अचानक पलट गई. नाव पलटते ही घाट पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग मदद के लिए चिल्लाने लगे. हालांकि, मौके पर मौजूद नाविकों ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत अपनी नावें लेकर डूबते लोगों के पास पहुंच गए. फिलहाल सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है.
जानकारी के मुताबिक, गगहा थाना क्षेत्र के गडरिया निवासी दीपक साहनी, रिंकी साहनी, सुनील साहनी, सीना साहनी और यश साहनी, बड़हलगंज में स्थित सरयू नदी के किनारे पूजा करने आए थे. इसी दौरान वह मोटर बोट में सवार होकर घूमने निकले थे, तभी मोटर बोट बीच धारा में पहुंचकर पलट गई. देखते ही देखते घाट से लेकर नदी के बीच तक चीख पुकार मच गई.
हालांकि मौके पर मौजूद नाविकों ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत अपनी नावें लेकर डूबते लोगों के पास पहुंच गए. वहीं, जिन लोगों को तैरना आता था. वह भी घटना स्थल पर लोगों को बचाने के लिए पहुंच गए. आखिरकार लोगों के सहयोग से सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. उसके बाद सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बड़हलगंज लाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. फिलहाल सभी खतरे से बाहर हैं. सभी लोग आपस में रिश्तेदार हैं.
इस पूरे अभियान में सबसे बड़ा रोल आपदा मित्र घनश्याम मौर्य और आपदा सखी सुरीना का रहा, जो मोटर बोट पर चढ़ने के दौरान सभी को लाइफ जैकेट, पहनकर ही जाने की इजाजत दी, वरना नदी की तेज धार में लोगों को बचाना मुश्किल हो जाता.
फिलहाल आपदा विभाग लगातार लोगों को जागरुक कर रहा है कि नदी के किनारे गहरे पानी में न जाएं, अगर जा भी रहे हैं तो पूरी सावधान बरतें. इस घटना से साफ हो गया कि अगर सावधानी बरती जाए तो दुर्घटना होने के बाद भी जान बचाई जा सकती है. इसलिए जब भी ऐसी जगह पर जाएं लाइफ जैकेट जरूर पहनें.
ये भी पढ़ें- संभल: श्रीराम जन्मभूमि ट्रस्ट में शामिल लोग, करोड़ों लोगों के भरोसे पर खरे नहीं उतरे: आचार्य प्रमोद कृष्णम

