ETV Bharat / state

होली ड्यूटी से गायब 37 पुलिसकर्मी सस्पेंड, SP स्वर्ण प्रभात ने की कड़ी कार्रवाई

बिहार के मोतिहारी में होली त्यौहार पर अनुपस्थित रहने वाले 37 प्रशिक्षु सिपाहियों पर गाज गिरी है. पढ़ें

HOLI DUTY NEGLIGENCE
SP स्वर्ण प्रभात (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : March 4, 2026 at 12:10 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

मोतिहारी: बिहार के मोतिहारी जिले में होली ड्यूटी से गायब रहनेवाले 37 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है. जिले के एसपी स्वर्ण प्रभात ने यह कार्रवाई की है. इससे पहले बिहार पुलिस मुख्यालय ने सभी पुलिस अधीक्षकों को रमजान और होली पर्व को लेकर दिशा निर्देश जारी किए थे, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई है.

होली ड्यूटी से गायब 37 पुलिसकर्मी सस्पेंड: पूर्वी चंपारण जिले में एसपी स्वर्ण प्रभात की इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया है. एसपी लापरवाही को अनुशासनहीनता मानते हैं. पूर्वी चंपारण पुलिस ने बयान जारी कर कहा कि, निर्देश जारी कर कहा गया था कि होली त्यौहार को देखते हुए मोतिहारी में प्रशिक्षुओं पुलिसकर्मियों की नियुक्ति की गई थी. लेकिन जांच के दौरान 2 मार्च को 37 सिपाही ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए, जिन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है.

पर्व-त्यौहार पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं- SP: एसपी स्वर्ण प्रभात ने कहा कि, होली जैसे संवेदनशील पर्व पर यह कृत्य उनकी कर्तव्यहीनता, अनुशासनहीनता एवं वरीय पदाधिकारी के आदेशों की अवहेलना को दर्शाता है. पर्व-त्यौहार पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी. ऐसी स्थिति में इन सभी प्रशिक्षु सिपाहियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाता है. साथ ही विभागीय कार्यवाही के विरुद्ध 7 दिनों के अंदर स्पष्टीकरण समर्पित करने का आदेश दिया जाता है.

''होली में हुड़दंग, उपद्रव और असामाजिक तत्वों से सख्ती से निपटा जाएगा. जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकालकर पुलिस ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है और आम जनता से शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में होली मनाने की अपील की है.''- स्वर्ण प्रभात, पुलिस अधीक्षक

पर्व में खलल डालने वालों पर नजर: पुलिस अधीक्षक ने लोगों से अपील करते हुए कहा, त्यौहार के अवसर पर पुलिस पूरी तरह से अलर्ट और मुस्तैद है. जिले में शराबबंदी कानून और सार्वजनिक शांति भंग करने वालों पर सीसीटीवी से नजर रखी जा रही है, और ऐसे लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

होली-रमजान पर 30 हजार पुलिस बल तैनात : इससे पहले पुलिस मुख्यालय ने होली और रमजान पर्व के मौके पर प्रदेश भर में 30 हजार अतिरिक्त पुलिस बल नियुक्त किया है. बिहार के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) विनय कुमार ने कहा कि, प्रदेश में पर्व-त्यौहारों पर किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है. अतिरिक्त बल प्रतिनियुक्त किए गए हैं.

"त्यौहारों के दौरान कानून व्यवस्था में खलल डालने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. प्रदेश में शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व त्यौहार (होली-रमजान) संपन्न कराने के लिए हर संभव कदम उठाए गए हैं." - विनय कुमार, डीजीपी, बिहार

ये भी पढ़ें

प्राइवेट गाड़ी.. होटल में लंच.. पुलिस कस्टडी में रील! अपराधी के 'रॉयल खातिरदारी' पर 3 पुलिसकर्मी सस्पेंड

बिहार में भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा करोड़ों का पुल, ढलाई के दौरान ही भरभराकर गिरा, 3 इंजीनियर सस्पेंड

बिहार में DM का बड़ा एक्शन, प्रभारी प्रधानाध्यापक को किया बर्खास्त