ETV Bharat / state

बिहार में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कार से 24.91 लाख कैश बरामद, दो नेपाली नागरिक समेत चार गिरफ्तार

पुलिस ने 24.91 लाख जब्त कर दो नेपाली समेत चार आरोपियों को पकड़ा.आरोपियों के पास बरामद राशि के लिए वैध कागज नहीं थे. पढ़ें खबर

MOTIHARI 2 NEPALI CITIZEN ARRESTED
नेपाली नागरिक समेत चार गिरफ्तार (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : May 28, 2026 at 7:59 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

पूर्वी चंपारण: बिहार के पूर्वी चंपारण में मोतिहारी स्थित तुरकौलिया में पुलिस ने रात्रि वाहन चेकिंग अभियान के दौरान एक कार से 24 लाख 91 हजार 300 रुपये नकद बरामद किए हैं. इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो नेपाली नागरिकों समेत कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है. पकड़े गए आरोपियों के पास से बरामद हुई भारी राशि का कोई भी वैध कागजात मौजूद नहीं था.

पुलिस जांच: यह पूरी घटना 26 मई 2026 की रात करीब डेढ़ बजे की बताई जा रही है. घटना के समय तुरकौलिया थाना की पुलिस निमुईया चौक पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी. इसी दौरान मुजफ्फरपुर की तरफ से आ रही उजले रंग की एक कार को पुलिस ने जांच के लिए रोका. कागजात न होने के कारण पुलिस पूरी रकम जब्त कर मामले की गहन जांच कर रही है.

MOTIHARI 2 NEPALI CITIZEN ARRESTED
पुलिस ने जारी की विज्ञप्ति (ETV Bharat)

संदेह के आधार पर कार्रवाई: संदेह के आधार पर पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए कार की बारीकी से तलाशी लेनी शुरू की. तलाशी के दौरान कार के भीतर से 24 लाख 91 हजार 300 रुपये की भारी भारतीय मुद्रा बरामद हुई. इतनी बड़ी रकम को अचानक देखकर चेकिंग में तैनात पुलिस अधिकारी और कर्मी भी पूरी तरह चौंक गए. कार में कुल चार लोग सवार थे जिन्हें पुलिस ने तुरंत हिरासत में ले लिया और थाने लाकर पूछताछ शुरू कर दी.

आरोपियों की पहचान: गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कृष्णा सहनी, सुभाष कुमार, दीपेश कुमार यादव और प्रज्जवल सहनी के रूप में हुई है. कृष्णा सहनी आदापुर थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर का रहने वाला है.वहीं सुभाष कुमार नकरदेई थाना क्षेत्र के कटकेनवा का निवासी है. दो अन्य आरोपी दीपेश कुमार यादव और प्रज्जवल सहनी नेपाल के बारा जिले के शिमरौणगढ़ थाना क्षेत्र स्थित रामनगर के रहने वाले हैं.

कागजात का अभाव: पुलिस ने जब चारों से बरामद नकदी के बारे में पूछा तो कोई भी संतोषजनक जवाब नहीं दे सका. न ही रकम से जुड़ा कोई वैध कागजात पेश कर पाए. इसके बाद पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. कार को भी जब्त कर लिया गया है. फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी रकम कहां से लाई जा रही थी और कहां ले जाई जा रही थी. हवाला या तस्करी से जुड़े एंगल पर भी जांच की जा रही है.

"अग्रिम कार्रवाई की जा रही है और मामले की हर बिंदु पर जांच होगी. नकदी के साथ दो नेपाली नागरिकों की गिरफ्तारी के बाद सीमा पर तस्करी की आशंका भी है.फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है."- जांच अधिकारी

बड़ी रकम बरामद: पुलिस ने मौके से कुल 24,91,300 रुपये नकद और एक उजले रंग की कार बरामद की है. इस कार्रवाई को तुरकौलिया थाने के सह थानाध्यक्ष पुलिस अवर निरीक्षक सम्पत कुमार के नेतृत्व में अंजाम दिया गया. छापेमारी दल में पुलिस अवर निरीक्षक रामसेवक सिंह और कन्हैयालाल शामिल थे. इसके अलावा संतोष कुमार पटेल, सिपाही धनंजय कुमार और सशस्त्र बल शामिल थे.

इसे भी पढ़ें-

बिहार की सब्जी मंडी में चल रहा था 'अंतरराष्ट्रीय हवाला' का खेल, लाखों की नेपाली-भारतीय करेंसी के साथ 2 दबोचे गए

बिहार में बड़े हवाला रैकेट का भंडाफोड़, 70 लाख कैश बरामद.. नेपाल के बैंक खातों में पहुंचाई जा रही थी रकम