ETV Bharat / state

RJD के MLA कैंडिडेट के बाद पुलिस को अब कांग्रेस नेता की तलाश, 10000 का इनाम घोषित

मोतिहारी में फरार कांग्रेस नेता के खिलाफ पुलिस ने दबिश तेज कर दी है. साथ ही 10 हजार का इनाम भी घोषित कर दिया है.

Motihari police Action
मोतिहारी में कांग्रेस नेता पर इनाम (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : January 1, 2026 at 7:27 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

मोतिहारी: बिहार के मोतिहारी जिले में अपराध और अवैध कब्जे के खिलाफ चल रही पुलिस की मुहिम ने एक बार फिर राजनीतिक गलियारों में खलबली मचा दी है. हाल ही में मेयर प्रीति कुमारी के पति और आरजेडी नेता देवा गुप्ता के बाद अब नगर निगम वार्ड संख्या 39 की पार्षद रिंकू रानी के पति और कांग्रेस नेता हरि सिंह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. उनके खिलाफ इनाम घोषित कर दिया है.

अवैध कब्जे का मामला: दरअसल, छतौनी थाना क्षेत्र में स्थित एक मूल्यवान जमीन पर कांग्रेस नेता हरि सिंह ने अवैध रूप से कब्जा कर लिया था. स्थानीय किसान परिवार से जुड़े पीड़ित पक्ष ने कई बार प्रशासन से शिकायत की लेकिन कोई कार्रवाई न होने पर उन्होंने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई. प्राथमिकी में हरि सिंह पर न केवल कब्जे का आरोप लगाया गया, बल्कि दस्तावेजों के जालसाजी और धमकी देने के भी इल्जाम हैं.

फरार हैं कांग्रेस नेता: पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते ही छापेमारी अभियान चलाया. कई टीमों ने हरि सिंह के घरों, रिश्तेदारों के ठिकानों और संभावित छिपने की जगहों पर दबिश दी. हालांकि, हरि सिंह हर बार पुलिस को चकमा देकर गायब हो जाते हैं. सूत्रों का कहना है कि वह जिले के बाहर भी सक्रिय हैं और सोशल मीडिया के जरिए समर्थकों से संपर्क बनाए हुए हैं.

10 हजार का इनाम घोषित: फरार कांग्रेस नेता हरि सिंह पर अब 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है. उनकी पत्नी रिंकू रानी नगर निगम की पार्षद हैं, जो वार्ड 39 से चुनी गईं. इस घटना ने स्थानीय निवासियों में यह संदेश दिया है कि कानून सबके लिए बराबर है. पीड़ित पक्ष के एक सदस्य ने नाम न छापने की शर्त पर कहा कि हमारी जमीन पर कब्जा हुआ तो लगा कि अमीर नेता के आगे हमारी कोई नहीं सुनता लेकिन पुलिस की कार्रवाई से उम्मीद जगी है.

"कानून के सामने कोई बड़ा या छोटा नहीं है. अवैध कब्जा हो या कोई अन्य अपराध, दोषी को सजा मिलकर रहेगी. हमारी टीमें 24 घंटे अलर्ट पर हैं. हरि सिंह पर इनाम की घोषणा जिले के सभी थानों में चस्पा कर दी गई है और सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन ट्रैकिंग जैसे आधुनिक तरीकों से आरोपी का पीछा किया जा रहा है."- स्वर्ण प्रभात, पुलिस अधीक्षक, मोतिहारी

इसके साथ ही पुलिस अब हरि सिंह की गिरफ्तारी के लिए विशेष टास्क फोर्स गठित करने पर विचार कर रही है. जिले की सीमाओं पर निगरानी बढ़ा दी गई है. पीड़ित पक्ष कोर्ट में भी सक्रिय है और जमीन खाली कराने की याचिका दायर कर चुका है. मोतिहारी स्वर्ण प्रभात एसपी ने आश्वासन दिया कि मामला जल्द सुलझेगा.

ये भी पढ़ें: बिहार में RJD नेता पर 1 लाख का इनाम, SP स्वर्ण प्रभात बोले- लिस्ट में कई अपराधी