होली से पहले परिवार में कोहराम; पंखे में उतरा करंट, मां-बेटे की मौत
पुलिस शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज मामले की जांच में जुटी.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : February 28, 2026 at 11:27 AM IST
गोरखपुर: सहजनवा थाना क्षेत्र में शुक्रवार की रात पंखे में करंट उतरने की वजह मां-बेटे की मौत हो गई. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया. सूचना मिलते ही मौके पर एसडीएम सहजनवा केसरी नंदन तिवारी और पुलिस के अधिकारी पहुंचे. फिलहाल पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज मामले की जांच में जुट गई है.
जानकारी के अनुसार, घटना उस वक्त हुई, जब सोने के दौरान अचानक 6 वर्षीय मासूम बच्चे का हाथ फराटा पंखे पर चला गया और उसमें करंट उतरने की वजह से वह चिपक कर चिल्लाने लगा. इसके बाद उसकी मां उसे बचाने के लिए पंखे को धक्का देकर गिरने का प्रयास की, जिसके कारण वह भी पंखे से चिपक गई.
इस दौरान चीख पुकार की आवाज मची तो आसपास के लोग भी इकट्ठा हो गए. लोगों ने किसी तरह बिजली के तार को हटाकर दोनों को अलग किया. इस दौरान मां बेटा बेहोश हो चुके थे. पड़ोसियों की मदद से राजेंद्र उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहजनवा ले गए. जहां चिकित्सकों ने मां- बेटे को मृत घोषित कर दिया.
सहजनवा थाना क्षेत्र के अचियापार निवासी राजेंद्र निषाद ने इस घटना में अपनी पत्नी और बेटे को खोया है, जो मजदूरी करके अपने परिवार का भरण पोषण करता था. मृतक की पहचान आरती (25) और अनुराग (6) के रूप में हुई है.
10 वर्ष पहले आरती से राजेंद्र की शादी हुई थी. उनके दो बेटे हैं. 8 वर्षीय बड़ा बेटा अनुज निषाद ननिहाल में रहकर पढ़ाई करता है और मां के साथ छोटा बेटा अनुराग रहता था, जिसकी रात में मौत हो गई. इस घटना से गांव में मातम पसर गया. होली से पहले इस तरह की घटना ने परिवार में कोहराम मचा दिया है.
एसडीएम केसरी नंदन तिवारी ने कहा कि घटना की जानकारी नायब तहसीलदार दुर्गेश चौरसिया को गांव भेजा है. परिवार की जो मदद किया जाएगा. राजेंद्र निषाद ने बताया है कि जिस कमरे में मां बेटे सो रहे थे. उसके बगल में ही फराटा पंखा चल रहा था.
यह भी पढ़ें: गोरखपुर में नाली के विवाद में अधिवक्ता की पीट-पीटकर हत्या, लाठी-डंडे से किया हमला
यह भी पढ़ें: बस्ती-लखनऊ में लापरवाही की भेंट चढ़ी 3 मासूमों की जिंदगी, दो बच्चियों और छठवीं के छात्र की मौत

