सोनभद्र में मां ने पहले दो बच्चों की हत्या की, फिर खुद भी लगा ली फांसी
सुबह दरवाजा नहीं खुलने पर घरवालों ने मचाया शोर, तब जाकर घटना का हुआ खुलासा.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : May 5, 2026 at 5:47 PM IST
सोनभद्र: करमा थाना क्षेत्र के बिषहार गांव में विवाहिता ने अपने दो बच्चों की हत्या कर खुद भी फांसी लगा ली. ग्रामीणों की सूचना पर जब पुलिस मौके पर पहुंची तो महिला के शव को फंदे पर पाया और बच्चों के शव कमरे में मिले.
क्षेत्राधिकारी राहुल पांडेय ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक महिला ने पहले अपने दोनों बच्चों की हत्या की फिर, खुद भी फांसी लगाकर जान दे दी. मौके पर पहुंची पुलिस को महिला का शव फंदे से लटका मिला. जबकि दोनों बच्चों के शव कमरे से बरामद किए गए. पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
बताया कि ग्राम बिषहार में बीती रात प्रीति राजभर (25) का अपने पति राजन राजभर से विवाद हुआ था. यह विवाद खाना खाने को लेकर हुआ था. मंगलवार सुबह उसने अपने दो पुत्रों आर्यन (4) व आर्यांश (6 माह) के साथ नायलॉन की रस्सी से फांसी लगाकर अपने कमरे में ही जान दे दी. दरवाजा समय से न खुलने पर परिवार के अन्य लोग शोर मचाने लगे. शोर सुन गांव के लोग भी एकत्रित हो गए. ग्राम प्रधान ने पीआरवी 112 पर और थाने पर सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस
घटनास्थल पर पहुंची. इसके बाद आगे की कार्रवाई की.
इधर, इस घटना से परिवार और गांव में कोहराम मचा है. घर के लोग मासूमों के शव देखकर बिलखते रहे. चर्चा रही कि ऐसी क्या बात हुई, जो मां ने अपने बच्चों के साथ जीवन समाप्त कर लिया. पुलिस का कहना है कि वह घटना की जांच कर रही है.

