लखीसराय में मां-बेटी का बंद कमरे से मिला शव, दिल्ली से आ रहा परिवार, कल होगा पोस्टमार्टम
लखीसराय में मां-बेटी का शव बंद कमरे से बरामद हुआ. डबल शव देखकर इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना पाकर मौके पर तुरंत पुलिस पहुंची-

Published : December 22, 2025 at 7:49 PM IST
लखीसराय : बिहार लखीसराय में मां-बेटी का शव बंद कमरे से बरामद हुआ. मामला सूर्यगढ़ा थाना अतंगर्त माने इंगलियर गांव का है. खबर के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.
बंद कमरे में मिला मां-बेटी का शव : जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान गौरी देवी (40 साल) और उनकी बेटी काजल कुमारी (20 साल) के रूप में की गई. दोनों का शव अपने घर में ही एक बंद कमरे में मिला. लोगों के द्वारा इसकी जानकारी सूर्यगढ़ा थाना को दी, जहां मौके पर पहुंचकर पुलिस ने बंद कमरे के दरवाजे को तोड़ा.
दरवाजा तोड़कर निकाला गया शव : कुछ ही देर में लखीसराय की फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी. मौत कैसे हुई इसी अभी पुख्ता जानकारी नहीं मिल पा रही है. मृतक के पति और बेटा दिल्ली में एक प्राइवेट कंपनी में जॉब करते हैं. पुलिस ने दोनों को घटना की सूचना दी. दोनों कल लखीसराय पहुंचेंगे जिसके बाद पुलिस पोस्टमार्टम के लिए भेजेगी.
फॉरेंसिक टीम ने इकट्ठा किए साक्ष्य : पुलिस ने बताया कि परिजनों से आवेदन भी लिया जाएगा जिसके आधार पर जांच शुरू की जाएगी. फिलहाल फॉरेंसिक टीम ने महत्वपूर्ण साक्ष्य इकट्ठा कर लिया है. सभी कड़ियों को जोड़ा जा रहा है. पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है. प्रथम दृष्टया ये मामले सुसाइड का लग रहा है. दोनों ने जहरीला पदार्थ का सेवन किया है ऐसा प्रतीत हो रहा है.
''घटना को कई पहलू से देखा जा रहा है. परिवार में मां-बेटी ही रहती थीं, पति और बेटा दिल्ली में जॉब करते हैं. कमरा भीतर से बंद था. बंद कमरे को खोलना जांच को किसी और दिशा की ओर ले जा रहा है. परिवार के मुखिया कल तक आ जाएंगे जिसके बाद आवेदन लेकर जांच को आगे बढ़ाया जाएगा.''- अजय कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी
पुलिस को परिवार का इंतजार : पुलिस सूत्रों के अनुसार हत्या की वजह सुसाइड बताई जा रही है. हालांकि दोनों ने क्यों ऐसा किया इसके लिए भी पुलिस परिवार के सदस्यों के आवेदन का इंतजार कर रही है. पुलिस कुछ भी बिना पोस्टमार्टम के सटीकता के साथ नहीं कह रही है.
ये भी पढ़ें-

