पलामू के निजी अस्पताल में लापरवाही की वजह से जच्चा-बच्चा की मौत, निरीक्षण के बाद सील हुआ अस्पताल
पलामू के एक निजी अस्पताल में लापरवाही की वजह से जच्चा-बच्चा की मौत हो गई.

Published : May 7, 2026 at 5:52 AM IST
पलामू: जिले के प्रमंडलीय मुख्यालय मेदिनीनगर के एक निजी अस्पताल में लापरवाही की वजह से मां और उसके नवजात शिशु की मौत हो गई है. जच्चा-बच्चा की मौत के बाद परिजनों ने हंगामा किया जबकि घटना के बाद अस्पताल के डॉक्टर समेत सभी कर्मी फरार हो गए.
डीसी- एसपी ने किया अस्पताल का निरीक्षण
घटना की जानकारी मिलने के बाद बुधवार की देर शाम पलामू डीसी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, पलामू एसपी कपिल चौधरी के नेतृत्व में एक टीम ने निजी अस्पताल गोदावरी का निरीक्षण किया. निरीक्षण के बाद निजी अस्पताल को सील कर दिया गया है. वही अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ एफआईआर की प्रक्रिया शुरू की गई है.
सर्जरी के बाद बिगड़ी महिला की हालत
दरअसल, लातेहार के बरवाडीह के छेचा गांव की रहने वाली हसबुन खातून को प्रसव पीड़ा के बाद मंगलवार को मेदिनीनगर के गोदावरी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था. आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन के द्वारा प्रसव के लिए मोटी रकम मांग की गई थी. परिजनों के द्वारा किसी तरह पैसे का इंतजाम किया गया और अस्पताल को दिया गया था. सर्जरी के बाद डॉक्टर ने मृत बच्चे को बाहर निकाला था, बाद में हसबून खातून की हालत खराब हो गई, जिसके बाद उन्हें रेफर कर दिया गया.
मौत के बाद परिजनों का अस्पताल में हंगामा
आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन के द्वारा हसबुन खातून को एंबुलेंस में चढ़ाकर रेफर कर दिया गया लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई. मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल पहुंचने के बाद थोड़ी देर के लिए हंगामा किया. घटना की जानकारी मिलने के बाद टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाया.
वहीं डीसी और एसपी के निरीक्षण के दौरान सदर एसडीएम सुलोचना मीणा, सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार श्रीवास्तव, सदर सीओ जागो महतो, टाउन थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार समेत कई अधिकारी मौजूद रहे.
सूचना मिली थी कि प्रसव के दौरान जच्चा बच्चा की मौत हो गई है. निरीक्षण किया गया है. निरीक्षण के दौरान सभी लोग फरार हैं. सभी के खिलाफ एफआईआर होगी और नियमानुसार कार्रवाई होगी. अस्पताल को सील किया जा रहा है, साथ-साथ इसके लाइसेंस को तुरंत रद्द करने की प्रक्रिया शुरू की गई है: दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, डीसी
ये भी पढ़ें- रांची के बड़ा तालाब से बरामद हुआ बुजुर्ग का शव, गंभीर बीमारी से परेशान थी महिला
वज्रपात से दो की मौत, इधर बेटी की विदाई से पहले मां की चली गई जान
पलामू के छतरपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की मौत, ससुराल वाले फरार

