ETV Bharat / state

राखी बंधवाने का ऐसा जुनून, नेता जी ने चंबल नदी में लगा दी दौड़, बहनें कर रही थीं इंतजार

मुरैना में अंबाह के उसैद-पिनाहट चंबल घाट पर हाई-वोल्टेज ड्रामा, रक्षाबंधन पर स्टीमर सेवा के लिए नेता जी नदी में कूदे. ओपी गोले की रिपोर्ट.

CONG LEADER RAN IN CHAMBAL RIVER
अचानक चंबल नदी की ओर दौड़ पड़े शेरा तोमर (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : August 28, 2026 at 8:41 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

मुरैना: मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में उसैद-पिनाहट चंबल घाट पर स्टीमर सेवा बहाल कराने की मांग को लेकर गुरुवार को कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष शेरा तोमर ने ऐसा प्रदर्शन किया, जिसने मौके पर मौजूद लोगों को चौंका दिया. मांग पूरी नहीं होने पर धरने पर बैठे शेरा तोमर अचानक चंबल नदी में उतर गए और पानी के बीच दौड़ लगाने लगे. यह नजारा देखकर मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया. पुलिस ने तत्काल नदी में पहुंचकर शेरा तोमर को सुरक्षित बाहर निकाला और हिरासत में ले लिया. बाद में पुलिस ने शांति भंग करने के आरोप में कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. घटना का वीडियो भी चर्चा में है.

कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष शेरा तोमर ने रक्षाबंधन पर बहनों के नदी पार जाने की परेशानी का मुद्दा उठाते हुए करीब दो घंटे तक धरना दिया. उनका कहना था कि बहनें राखी लेकर उसैद घाट पर चंबल पार जाने का इंतजार कर रही हैं, लेकिन प्रशासन ने कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की. शेरा तोमर के मुताबिक, "तीन दिन पहले एसडीएम को ज्ञापन देकर स्टीमर सेवा शुरू करने की मांग की गई थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई."

नेता जी ने चंबल नदी में लगा दी दौड़ (ETV Bharat)

अचानक चंबल नदी की ओर दौड़ पड़े शेरा तोमर

प्रदर्शन के दौरान शेरा तोमर ने चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं हुई तो वह चंबल में कूदकर जान देने जैसा कदम उठा सकते हैं. इसके बाद अचानक शेरा तोमर धरने से उठे और चंबल नदी की ओर दौड़ पड़े. पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं रुके और नदी में उतर गए. पुलिस ने स्टीमर सेवा शुरू कराने का आश्वासन देकर उन्हें रोकने की कोशिश की, मगर वह लगातार नदी की ओर बढ़ते रहे. हालात बिगड़ते देख पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों ने भी नदी में दौड़ लगाई और बीच पानी में उन्हें पकड़ लिया. पुलिस ने शांति भंग करने के आरोप में शेरा तोमर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. घटना के बाद इलाके में चर्चा है कि रक्षाबंधन पर चंबल पार आवागमन की समस्या कब दूर होगी.

मुरैना डीएसपी हेडक्वार्टर, विजय भदौरिया ने बताया कि "उसैद घाट पर कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष शेरा तोमर स्टीमर बहाल करने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे. पुलिस ने उन्हें काफी समझाया, लेकिन वे नहीं माने. पुलिस के मना करने के बावजूद उन्होंने चंबल नदी में छलांग लगा दी और अपनी जान खतरे में डाल दी. हालांकि, ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने उन्हें सकुशल बाहर निकाल लिया गया. इसके बाद पुलिस ने शांति भंग करने के आरोप में शेरा तोमर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया."

ये भी पढ़ें:

क्यों बंद है स्टीमर की सेवा ?

मुरैना जिले के नगरा थाना क्षेत्र में बीते 16 अगस्त को चंबल नदी की तेज धार के बीच सवारियों से भरा स्टीमर अचानक बंद हो गया था. नगरा घाट से उत्तर प्रदेश की ओर जा रहे स्टीमर में बड़ी संख्या में यात्री और करीब 50 बाइक सवार थे. नदी के बीच पहुंचते ही दोनों इंजन बंद हो गए. चालक ने इंजन चालू करने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली. इसके बाद स्टीमर तेज बहाव में बहते हुए करीब 15 किलोमीटर दूर भिंड जिले के अटेर थाना क्षेत्र के कछपुरा घाट तक पहुंच गया.

स्टीमर को बहता देख यात्रियों में चीख-पुकार मच गई थी. किनारे मौजूद लोगों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए. सूचना मिलते ही मुरैना और भिंड प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं. सभी यात्री सुरक्षित रहे. यात्रियों ने बताया कि स्टीमर में डीजल खत्म होने से इंजन बंद हुआ था. घटना के बाद से प्रशासन ने एफआईआर दर्ज कर स्टीमर सेवा बंद करा दी, जो अब तक बंद है.