ETV Bharat / state

मुरैना में रफ्तार का कहर, बच्चों से भरी स्कूल बस को मारी टक्कर, चालक की मौत, कई बच्चे घायल

मुरैना में गुरुवार सुबह एक स्कूल बस हुई हादसे का शिकार, बस ड्राइवर की मौके पर मौत, कई बच्चे घायल.

MORENA SCHOOL BUS ACCIDENT
मुरैना में बच्चों से भरी स्कूल बस को मारी टक्कर (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : January 15, 2026 at 1:25 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

मुरैना: जौरा रोड पर गुरुवार सुबह का मंजर दिल दहला देने वाला था. बच्चों से भरी एक मिनी स्कूल बस, चंद पलों में चीख-पुकार और मातम में बदल गई. तेज रफ्तार आयशर केंटर ने सामने से आ रही बस को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि बस चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बस में सवार करीब 6 मासूम बच्चे घायल हो गए. हादसे के बाद केंटर चालक गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया. जिससे लोगों में आक्रोश फैल गया.

मिनी स्कूल को आयशर केंटर ने मारी टक्कर

मुरैना में गुरुवार सुबह एक निजी स्कूल की मिनी बस गलेथा गांव से बच्चों को लेकर मुरैना स्थित स्कूल के लिए रवाना हुई थी. जो जौरा-मुरैना स्टेट हाईवे -544 पर हादसे का शिकार हो गई. बागचीनी चौखट्टा के पास सेठवारी गांव के सामने तेज रफ्तार आयशर केंटर ने सामने से आ रही मिनी स्कूल बस को टक्कर मार दी. हादसे में स्कूल की मिनी बस चला रहे 65 वर्षीय चालक सरनाम सिंह सिंकरवार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. जबकि बस में सवार 6 बच्चे घायल हो गए हैं.

एक्सीडेंट में बच्चे घायल (ETV Bharat)

ग्रामीणों ने बच्चों को वैन से निकाला बाहर

हादसे के बाद केंटर चालक गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया. टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के गांवों में अफरा-तफरी मच गई. एक्सीडेंट के बाद बस में फंसे बच्चों की चीख-पुकार सुनकर सेठवारी गांव सहित आसपास के ग्रामीण दौड़ते हुए मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों ने बिना देर किए बस में फंसे बच्चों को बाहर निकाला और बागचीनी थाना पुलिस को सूचना दी. घायलों को एम्बुलेंस की मदद से मुरैना जिला अस्पताल भेजा गया. जहां उनका उपचार जारी है.

MORENA EICHER CANTER HIT SCHOOL BUS
स्कूल बस का एक्सीडेंट (ETV Bharat)

बच्चों का इलाज जारी, स्कूल ड्राइवर की मौत

पुलिस ने बस चालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. साथ ही आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है. जिला अस्पताल के ड्यूटी डॉक्टर मदन मोहन शर्मा ने बताया कि "हादसे में घायल बच्चे अस्पताल लाए गए थे. जिनका इलाज कर वार्ड में भर्ती कर दिया गया है, बच्चों की हालत ठीक है. वहीं एक मृतक व्यक्ति है, जिसे स्कूल बस चालक बताया जा रहा है, उसका पोस्टमार्टम कराया जा रहा है.