ETV Bharat / state

नेशनल हाईवे पर आग का गोला बना ट्रक, रोड पर बिखरे पार्सल, 50 लाख का नुकसान

मुरैना फ्लाईओवर पर आधी रात धधका बेंगलुरु जा रहा ट्रक, ड्राइवर-कंडक्टर ने कूदकर बचाई जान, 6 दमकल गाड़ियों ने घंटों में पाया काबू.

morena Truck caught fire
मुरैना में चलते ट्रक में लगी आग (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : March 1, 2026 at 3:56 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

रिपोर्ट: ओपी गोले

मुरैना: नेशनल हाईवे-44 पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब फ्लाइओवर पर दौड़ते एक कंटेनर में अचानक आग भड़क उठी. देखते ही देखते लपटों ने पूरे कंटेनर को अपनी चपेट में ले लिया. घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है. कंटेनर अंबाला के टपला से पार्सल लेकर बेंगलुरु जा रहा था. आग लगते ही ड्राइवर और सह-ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए कूदकर अपनी जान बचाई. सूचना मिलते ही दमकल की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका.

पार्सल लेकर बेंगलुरु जा रहा था ट्रक
मुरैना शहर से गुजरने वाले नेशनल हाईवे-44 के फ्लाइओवर पर शनिवार देर रात दौड़ते कंटेनर में अचानक आग भड़क उठी. रात करीब 3 बजे ग्वालियर की ओर बढ़ रहे कंटेनर से लपटें उठती देख चालक औरंगजेब ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन को बीच फ्लाइओवर पर रोक दिया. वह और सह चालक तामिल तुरंत कूद गए, जिससे उनकी जान बच गई. कंटेनर हरियाणा के अंबाला के टपला से साइकिल, जूते और दवाइयों सहित लाखों रुपये का पार्सल लेकर बेंगलुरु जा रहा था.

आधी रात धधका पार्सल से भरा कंटेनर (ETV Bharat)

ट्रक में लगी आग, दमकल ने पाया काबू
आग ने धीरे-धीरे विकराल रूप ले लिया और कुछ ही देर में पूरा कंटेनर धू-धूकर जलने लगा. बीच फ्लाइओवर पर आग की घटना से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात ठप हो गया. सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंची. एक के बाद एक छह दमकल गाड़ियों ने पानी की बौछारें कीं. करीब पांच से छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका. इस हादसे में कंटेनर पूरी तरह जलकर खाक हो गया, लाखों का माल राख में तब्दील हो गया, जबकि कुछ सामान पानी से भी खराब हो गया.

National Highway 44 jam
हादसे के बाद रोड पर बिखरा सामान (ETV Bharat)

50 लाख से अधिक का नुकसान
आग बुझने के बाद जब जली हुई साइकिलों के मुड़े हुए फ्रेम, राख में तब्दील डिब्बे और पिघला हुआ सामान बाहर निकाला गया, तो नुकसान की भयावह तस्वीर साफ नजर आई. जले हुए माल की हालत खुद बयान कर रही थी कि कंटेनर में बड़ी मात्रा में कीमती सामान भरा था. प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक इस आगजनी में 50 लाख रुपये से अधिक का नुकसान बताया जा रहा है.

National Highway 44 Truck fire
आग बुझाती फायर ब्रिगेड की टीम (ETV Bharat)

सड़क पर लगा जाम, ट्रैफिक किया डायवर्ट
कंटेनर में लगी भीषण आग के बाद शहर की रफ्तार थम गई. आग बुझाने के बाद जब कंटेनर के अंदर भरा पार्सल सामान सड़क पर निकाला गया, तब तक दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग चुकी थीं. जला हुआ माल और क्षतिग्रस्त कंटेनर हटाने में घंटों लग गए, जिससे शनिवार शाम तक फ्लाइओवर पूरी तरह जाम रहा. दूर तक खड़े ट्रक, बसें और कारों की कतारें हालात बयां कर रही थीं. यातायात पुलिस ने स्थिति संभालने के लिए ट्रैफिक को फ्लाइओवर के नीचे से डायवर्ट किया, फिर भी लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी. लाखों रुपये का माल जलकर नष्ट हो गया, लेकिन इस घटना ने शहर को घंटों जाम की गिरफ्त में जकड़ दिया.

morena moving Truck caught fire
आगजनी की घटना से हाईवे पर लगा जाम (ETV Bharat)

मुरैना के यातायात थाना प्रभारी संतोष भदौरिया ने बताया कि, ''शनिवार देर रात फ्लाईओवर पर ग्वालियर की ओर जा रहे कंटेनर में अचानक आग लग गई. दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया, लेकिन कंटेनर पूरी तरह जल चुका था, जिससे उसे तत्काल हटाना संभव नहीं हो सका. इसी कारण शाम तक जाम के हालात बने रहे. हालांकि ट्रैफिक जवानों ने मौके पर डटे रहकर यातायात को नियंत्रित किया और वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से निकाला. फिलहाल कंटेनर को क्रेन की मदद से हटाने की कार्रवाई जारी है.