प्यार, तलाक और धोखा, मुरैना की महिला SI और प्रेमी आरक्षक पर FIR
मुरैना की महिला SI और आरक्षक के खिलाफ ग्वालियर में केस दर्ज, वकील को फंसा उसके पैसे लेने और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : January 7, 2026 at 1:00 PM IST
मुरैना: ग्वालियर के गोले का मंदिर थाना क्षेत्र में युवा वकील मृत्युंजय चौहान आत्महत्या मामले में 20 दिन बाद आखिरकार न्याय की उम्मीद जगी है. पुलिस ने लंबी जांच के बाद मुरैना सिविल लाइन थाने में पदस्थ महिला सब इंस्पेक्टर प्रीति जादौन और उसके कथित प्रेमी आरक्षक अराफात खान के खिलाफ मंगलवार को एफआईआर दर्ज की है. आरोप है कि महिला SI ने सोशल मीडिया के जरिए वकील को प्रेम जाल में फंसाया. उसका तलाक कराया और दो प्लॉट व सोने के गहने अपने नाम करवा लिए.
वकील की मां ने महिला SI और आरक्षक पर लगाए आरोप
14-15 दिसंबर की रात ग्वालियर स्थित गोला का मन्दिर थाना क्षेत्र के तहत आने वाली आदर्शपुरम कॉलोनी में युवा वकील मृत्युजय चौहान ने आत्महत्या कर ली थी. इस मामले को लेकर वकील मृत्युंजय की मां शिवकुमारी चौहान ने मुरैना के सिविल लाइन थाना में पदस्थ महिला सब इंस्पेक्टर प्रीति जादौन और आरक्षक अराफत खान पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करने की मांग की थी. गोले का मंदिर थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की तो मामला साफ होता गया.

फेसबुक के जरिए दोस्ती, फिर युवक का कराया तलाक
पड़ताल के दौरान पता चला कि, मृतक मृत्युंजय चौहान की फेसबुक के जरिये महिला सब इंस्पेक्टर प्रीति जादौन से दोस्ती हुई थी. प्रीति वर्तमान में मुरैना के सिविल लाइन थाने में पदस्थ है. उनकी दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई. महिला सब इंस्पेक्टर ने मृत्युंजय को अपने प्रेम जाल में फंसाने के बाद पहले उसका पत्नी से तलाक करवाया. इसके बाद नजदीकियां बढ़ी तो मृत्युंजय ने दो प्लॉट उसके नाम करते हुए सोने के गहने भी बनवा कर दिए थे.
प्रेमी के साथ मिली महिला आरक्षक
12 दिसंबर को मृत्युंजय अचानक प्रीति के मुरैना स्थित सरकारी आवास पर पहुंचा, तो यहां पर प्रीति अपने प्रेमी आरक्षक अराफात के साथ मिली. उसे देखते ही प्रीति ने अपने प्रेमी आरक्षक के साथ मिलकर जानलेवा हमला बोल दिया. इस दौरान आरक्षक ने मृत्युंजय को जमीन पर पटककर लात-घूसों से जमकर मारपीट की. प्रीति ने अपनी पिस्टल से दो बार फायर करने की कोशिश की, लेकिन वह चली नहीं.
- पुलिस ने खोले मंडला लूटकांड के बंद ताले, आरोपियों की हेकड़ी निकाल पहुंचाया जेल
- न्यू ईयर की रात मंदसौर में तड़ातड़, गोल्ड कारोबारी और पत्नी की हत्या, घर में मिला एक और शव
पुलिस ने महिला SI और प्रेमी आरक्षक पर दर्ज किया मामला
इससे दुखी होकर मृत्युंजय ने किराए के घर में आत्महत्या कर ली. मामले की जांच के बाद पुलिस ने महिला सब इंस्पेक्टर प्रीति जादौन ओर उसके प्रेमी आरक्षक अराफात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. जांच के दौरान पोस्टमार्टम रिपोर्ट, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को आधार बनाया जाएगा.

