थाना प्रभारी के बर्थडे सेलिब्रेशन में चोर गिरोह का सरगना, TI को कंधे पर बैठाकर घुमाया
मुरैना के जौरा थाना प्रभारी पर अपराधियों से मिलीभगत का आरोप. टीआई के जन्मदिन समारोह में भी अपराधी शामिल हुए.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : March 2, 2026 at 12:47 PM IST
|Updated : March 2, 2026 at 2:49 PM IST
रिपोर्ट : ओमप्रकाश गोले
मुरैना : मुरैना के जौरा थाना प्रभारी को जन्मदिन मनाना भारी पड़ने वाला है. 28 फरवरी को थाना परिसर में टीआई का जन्मदिन धूमधाम से मनाया गया, केक कटा, मालाएं पहनाई गईं. इस दौरान अपराधी किस्म के लोग भी जश्न में शामिल हुए. वाहन चोर के सरगना ने थाना प्रभारी को कंधे पर बैठाकर घुमाया. ये बदमाश 8 माह पहले वाहन चोरी में पकड़ा गया था. ये अपराधी वाहन चोर गिरोह का सरगना लवकुश शर्मा है. मामला गर्माते ही एसपी मुरैना समीर सौरभ ने टीआई को सस्पेंड कर दिया.
चोरी की 18 बाइक बरामद की थी
लवकुश शर्मा के खिलाफ हाल ही में शासकीय कार्य में बाधा का मामला भी दर्ज हुआ था. थाना प्रभारी दर्शन शुक्ला को अब ये जश्न भारी पड़ने वाला है. मामले के अनुसार 12 जून 2025 को बाइक चोरी के आरोप में इस अपराधी को गिरफ्तार किया गया था. उस समय पुलिस ने उससे और उसके साथियों से करीब 13 लाख रुपये की 18 बाइक बरामद की थीं. उस समय प्रेसवार्ता में एएसपी सुरेंद्र पाल सिंह डाबर ने लवकुश शर्मा को वाहन चोर गिरोह का सरगना बताया था.
पुलिस कर्मियों से मारपीट भी की थी
8 माह पहले जब मुरैना पुलिस ने चोरी की बाइक के साथ इस अपराधी को पकड़ा था तो उसकी जौरा पुलिस के साथ नजदीकियों की चर्चा भी सामने आई थी. वह थाने के कर्मचारियों को दूध सप्लाई करता था, हालांकि अधिकारियों ने इन दावों से इनकार किया था. जौरा थाना क्षेत्र के जौनारा गांव में 12 जनवरी को अवैध पंप कनेक्शन काटने पहुंची थी और वहां टीम पर हमला हुआ था. आरोपी लवकुश शर्मा पुत्र संतोष शर्मा और उसके साथियों ने एसई पुष्पेंद्र यादव व कर्मचारियों से मारपीट की थी. इस पर शासकीय कार्य में बाधा का केस दर्ज हुआ और पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार भी किया था.
- इंदौर के ये हैं स्पेशल वाहन चोर, इनके निशाने पर होती हैं केवल बुलेट
- मुरैना के सबलगढ़ में चोरों ने ATM को बनाया निशाना, 22 लाख नगदी ले उड़े, ऐसे की वारदात
एडिशनल एसपी ने दिए जांच के आदेश
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी मुरैना समीर सौरभ ने तत्काल कार्रवाई करते हुए टीआई दर्शन शुक्ला को सस्पेंड कर दिया. ASP सुरेंद्र पाल सिंह डाबर क़ो जांच के आदेश दे दिए हैं. एएसपी सुरेंद्र पाल सिंह डाबर का कहना है "सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और फोटो सहित पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच कराई जाएगी. पुलिस विभाग की छवि और आंतरिक अनुशासन सर्वोपरि है."

