ETV Bharat / state

बिहार में एक घर से निकले 40 से ज्यादा जहरीले सांप! हैरान कर देगा ये डरावना दृश्य

पटना के पुनपुन में एक मिट्टी के घर से 40 से ज्यादा जहरीले सांप निकलने से इलाके में हड़कंप मच गया. पढ़ें खबर-

venomous snakes in Patna
पटना में 40 सांप बरामद (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : July 7, 2026 at 1:14 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

पटना: राजधानी पटना से सटे पुनपुन थाना क्षेत्र के समकूढ़ा गांव में सोमवार को सनसनीखेज घटना सामने आई है. मिट्टी के फूस वाले मकान की खुदाई के दौरान एक के बाद एक 40 सांप निकल आए. विशाल गेहुमन (कोबरा) और दर्जनों सपोलों के निकलने से पूरे गांव में हड़कंप मच गया. ग्रामीण भयभीत हो गए और मौके पर भीड़ जुट गई.

डर के साए में रहता था परिवार: घर के मालिक शंभू प्रसाद के पुत्र संतोष कुमार ने बताया कि उनके परिवार के पांच सदस्य इसी मकान में रहते हैं. करीब एक साल पहले उनके 6 वर्षीय बेटे तरुण कुमार को घर में ही विषैले सांप ने डस लिया था. उसे पीएमसीएच पटना में भर्ती कराया गया जहां इलाज के बाद उसकी जान बच सकी. उस समय भी परिवार को मकान के नीचे बड़े सर्प मांद होने की जानकारी नहीं थी.

venomous snakes in Patna
40 से ज्यादा जहरीले सांप (ETV Bharat)

"हमारे परिवार के 5 सदस्य इसी घर में रहते हैं. रविवार को घर के अंदर एक-एक कर 23 सपोले निकले, जिन्हें डर के कारण मार दिया गया. इसके बाद आशंका हुई तो सपेरे को बुलाया गया. घर में खुदाई हुई तो और 17 सांप बरामद हुए." -संतोष कुमार

23 सपोले मारे गए, फिर निकला विशाल कोबरा: रविवार को घर के अंदर एक-एक कर 23 सपोले निकले, जिन्हें डर के मारे लोगों ने मार दिया. सोमवार को सांप पकड़ने वाले को बुलाया गया. एक कमरे में करीब 3 फीट मिट्टी खोदने पर एक विशाल गेहुमन और 17 सपोले बरामद हुए. सांपों की भारी संख्या देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई.

venomous snakes in Patna
23 सपोले मारे गए (ETV Bharat)

सपेरा ने पकड़े सांप, कुछ मारे भी गए: कुछ सांपों को डर के कारण मारा गया तो कुछ को सपेरे नगीना ने पकड़ लिया. फिलहाल आसपास के इलाकों में भी सांपों की तलाश की जा रही है. मकान के नीचे बड़े मांद होने की आशंका से पूरे इलाके में तनाव का माहौल है.

थानाध्यक्ष का लोगों को सुझाव: पुनपुन थानाध्यक्ष बेबी कुमारी ने बताया कि ऐसे मामलों में सांपों को मारने के बजाय वन विभाग या प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना देनी चाहिए. इससे दोनों पक्षों की सुरक्षा सुनिश्चित होती है. ऐसी कोई जानकारी मिलती है तो वन विभाग को सूचना दें.

venomous snakes in Patna
सपेरा ने पकड़े सांप (ETV Bharat)

"इस मामले में सांपों को मारने के बजाय लोगों को वन विभाग या प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना देनी चाहिए, जो लोगों के लिए सुरक्षित रहता है." -बेबी कुमारी, थानाध्यक्ष

ग्रामीणों में बनी आशंका का माहौल: शंभू प्रसाद के परिवार समेत पूरे गांव के लोग अब डर के साए में जी रहे हैं. घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और वन विभाग की नजर गांव पर है. लोग तरह-तरह की चर्चा कर रहे हैं.

"फिलहाल सपेरे को बुलाकर सभी सांपों को पकड़ा गया है, जिसमें से कुछ सांप मारे गए हैं. आसपास के इलाकों में भी सांप ढूंढा जा रहा है. वहीं गांव में दहशत का माहौल है." -शंभू प्रसाद

ये भी पढ़ें-

डंस लिया सांप ने, फिर भी पकड़कर अस्पताल पहुंच गया होमगार्ड जवान.. जानें आगे क्या हुआ?

रील का जानलेवा शौक, सांप के साथ वीडियो बना रहे शिक्षक को डसा, 12 सेकंड में खत्म हुई जिंदगी