20 लाख से ज्यादा का गबन : फाइनेंस कंपनी के सहायक शाखा प्रबंधक सहित दो गिरफ्तार
निंबाहेड़ा पुलिस ने 20 लाख 73 हजार से अधिक के गबन मामले में बड़ी कार्रवाई की है. जानिए पूरा मामला...

Published : December 7, 2025 at 7:17 PM IST
चित्तौड़गढ़: जिले के निंबाहेड़ा में स्थित एक फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों की ओर से किए 20 लाख 73 हजार से अधिक के गबन मामले में पुलिस को रविवार को बड़ी सफलता मिली. निंबाहेड़ा कोतवाली थाना पुलिस ने फाइनेंस कंपनी के सहायक शाखा प्रबंधक सत्यप्रकाश मालव के साथ एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपियों ने आपराधिक षड्यंत्र कर स्वीकृत ऋण राशि को अनाधिकृत बैंक खातों में स्थानांतरण करने व कंपनी ग्राहकों से प्राप्त ऋण किस्तों की राशि का गबन किया था.
पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि गत 20 सितंबर को श्रीकांत बोहरा निवासी मुरलीपुरा स्कीम जयपुर शहर ने निंबाहेड़ा थाने पर रिपोर्ट दी थी. इसमें बताया कि फाइनेंस कंपनी के सहायक शाखा प्रबंधक बूंदी जिले के तालेड़ा थाना अंतर्गत सीतापुरा निवासी सत्यप्रकाश मालव पुत्र सियाराम धाकड़, कंपनी के फील्ड ऑफिसर झालावाड़ जिले के मेघवाल बस्ती मोहम्मदपुरा निवासी शंकरलाल पुत्र रामगोपाल मेघवाल, नीमच के रामपुरा निवासी अनिल पुत्र किशन बंजारा, भीलवाड़ा के गांधीनगर निवासी मोहम्मद अमान खान पुत्र मोहम्मद शरीफ खान, चित्तौड़गढ़ के राशमी निवासी पंकज कुमार पुत्र किशनलाल कुम्हार व झालावाड़ जिले के पगारिया निवासी भरतलाल पुत्र शिवलाल सिकलीगर हाल फील्ड ऑफिसर सभी कर्मचारियों ने मिल कर एक आपराधिक षड्यंत्र रचा.
पढ़ें : खैरथल में बवाल : कंपनी एजेंट के घर में तोड़फोड़ और आजगनी, पुलिस ने संभाला मोर्चा
आरोपियों ने कंपनी ब्रांच निंबाहेड़ा की ओर से निर्धारित ऋण स्वीकृत एवं वसूलने की प्रक्रिया, नियमों का बेईमानी की नियत से जानबूझकर उल्लंघन किया. आरोपियों ने स्वीकृत ऋण राशि को अनाधिकृत बैंक खातों में स्थानांतरित कर व कंपनी के कई ग्राहकों के ऋण खातों के साथ धोखाधड़ी की. इन्होंने 15 मई 2023 से 15 जुलाई 2024 तक ग्राहकों से प्राप्त ऋण किस्त की राशि 20 लाख 73 हजार 772 रुपए का गबन किया है. प्रार्थी की रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया.
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले में निंबाहेड़ा कोतवाली पुलिस ने आरोपी सत्यप्रकाश मालव, शकंरलाल मेघवाल, अनिल बंजारा, मोहम्मद अमान खान, पंकज कुमार कुम्हार, भरतलाल सिकलीगर के खिलाफ जांच जुर्म प्रमाणित पाया. पूछताछ व अनुसंधान के बाद आरोपी सहायक शाखा प्रबंधक सत्यप्रकाश मालव व शकंरलाल मेघवाल को गिरफ्तार कर लिया गया है. प्रकरण में अन्य वांछित आरोपियों की तलाश जारी है.

