ETV Bharat / state

मुरादाबाद में स्वाइन फ्लू की दस्तक: दो महिलाओं में H1N1 वायरस की पुष्टि, सीएमओ की अपील- पैनिक न हों

मुरादाबाद में स्वाइन फ्लू (H1N1) के दो मामले मिलने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है.

Photo Credit: ETV Bharat
विवेकानंद अस्पताल में भर्ती मरीज की हालत स्थिर: मुरादाबाद में H1N1 से निपटने को डॉक्टर तैनात. (Photo Credit: ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : August 27, 2026 at 5:39 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में स्वाइन फ्लू (H1N1) के दो मामले सामने आने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है. गाज़ियाबाद से लौटी 42 वर्षीय महिला पूजा शर्मा में तेज़ बुखार और गले में खराश के बाद कराई गई RT-PCR जांच में H1N1 वायरस की पुष्टि हुई है.

इसके अलावा, 54 वर्षीय मुनेश सिंह नामक एक अन्य महिला में भी स्वाइन फ्लू के लक्षण पाए गए हैं. राहत की बात यह है कि दोनों महिला मरीजों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति फिलहाल पूरी तरह से स्थिर बनी हुई है.

जानकारी देते मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुलदीप गुप्ता. (Video Credit: ETV Bharat)

स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, अस्पतालों में बेड आरक्षित: मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुलदीप गुप्ता ने पूरे ज़िले में हाई अलर्ट जारी कर दिया है. जिला अस्पताल में 10 बेड और सभी सीएचसी पर 5-5 बेड का विशेष आइसोलेशन वार्ड आरक्षित कर दिया गया है. स्वास्थ्य विभाग के पास जरूरी दवा ओसल्टामिविर (टैमीफ्लू) का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध कराया गया है. सीएमओ ने आम जनता से पैनिक न होने की अपील करते हुए मास्क पहनने, हाथों की सफाई रखने और लक्षण दिखने पर दूरी बनाने की सलाह दी है.

गाजियाबाद और अमरोहा से लौटीं दो महिलाओं में स्वाइन फ्लू: पूजा शर्मा 24 अगस्त को गाजियाबाद से लौटी थीं, जिसके बाद उन्हें मुरादाबाद के विवेकानंद हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था. वहीं, दूसरी मरीज मुनेश सिंह 23 अगस्त को अमरोहा जिले के बन्नी खेड़ा गांव में एक पारिवारिक कार्यक्रम से वापस लौटी थीं. मुनेश सिंह को डॉक्टर एसके मल्होत्रा की देखरेख में फिलहाल होम आइसोलेशन में रखकर उपचार दिया जा रहा है. स्वास्थ्य विभाग की टीम दोनों मरीजों के संपर्क में आए लोगों की भी लगातार ट्रैकिंग कर रही है.

अस्पतालों में दवाएं और डॉक्टर पर्याप्त संख्या में मौजूद: सीएमओ डॉक्टर कुलदीप गुप्ता ने बताया कि जिले में स्वाइन फ्लू से पीड़ित दोनों मरीजों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है. उन्होंने आश्वस्त किया कि जिला अस्पताल में वायरस से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. मरीजों को बेहतर इलाज देने के लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों और दवाओं का पर्याप्त इंतजाम है. फिलहाल दोनों महिला मरीजों की सेहत नियंत्रण में है और घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है.

यह भी पढ़ें- मिठाइयों में घुली महंगाई और मिलावट की कड़वाहट, रक्षाबंधन पर बिगड़ा लोगों का स्वाद