कवर्धा में मूलनिवासी संघ का जंगी प्रदर्शन, पुलिस से हुई धक्का मुक्की, गृह मंत्री का मांगा इस्तीफा
मूलनिवासी संघ ने कवर्धा में साय सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया है. पढ़िए पूरी रिपोर्ट

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : June 27, 2026 at 9:40 PM IST
कवर्धा: मूलनिवासी संघ ने जिले में शनिवार को बड़ा विरोध प्रदर्श किया है. कई मांगों को लेकर मूल निवासी संघ ने विशाल रैली निकाली.रैली में बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए. प्रदर्शनकारियों ने शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट की ओर कूच किया. आंदोलन को देखते हुए जिला प्रशासन ने पहले से ही व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की थी. कलेक्ट्रेट पहुंचने वाले सभी प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग की गई थी और पुराना अस्पताल के सामने भारी पुलिस बल तैनात किया गया था.
प्रदर्शन में पुलिस से हुई धक्का मुक्की
जैसे ही प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग तक पहुंचे, पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया. इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच कुछ देर तक धक्का-मुक्की और तीखी नोकझोंक हुई. हालांकि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित रखा और किसी बड़ी अप्रिय घटना को होने से रोक दिया.प्रदर्शन के दौरान मूलनिवासी संघ ने आरोप लगाया कि शासन-प्रशासन जनहित से जुड़े मुद्दों की लगातार अनदेखी कर रहा है तथा धर्म की आड़ में राजनीति की जा रही है. संगठन ने जल, जंगल और जमीन से विस्थापित मूलनिवासियों को न्याय दिलाने, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक समाज की लंबित मांगों का तुरंत हल निकालने की मांग की है. इसके अलावा संवैधानिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग की.
संगठन ने जिले की कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल उठाया. मूलविवासी संघ ने प्रदेश के गृह मंत्री विजय शर्मा के इस्तीफे की मांग की है. संगठन का कहना था कि जिले में व्याप्त अव्यवस्था और प्रशासनिक विफलताओं की जवाबदेही तय की जानी चाहिए. कलेक्ट्रेट तक नहीं पहुंच पाने के बाद प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग स्थल पर ही धरना प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा.

