ETV Bharat / state

डूंगरपुर में मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित, कुचामनसिटी में झमाझम

मूसलाधार बारिश से डूंगरपुर शहर के कई इलाके जलमग्न हो गए, जबकि कुचामनसिटी में निचले इलाकों में पानी भर गया.

Monsoon in Rajasthan
बारिश से कुचामन की सड़कों पर भरा पानी (ETV Bharat Kuchamancity)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : July 8, 2026 at 11:05 AM IST

|

Updated : July 8, 2026 at 3:39 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

डूंगरपुर/ कुचामनसिटी: राजस्थान में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है. डूंगरपुर में मंगलवार रात को मूसलाधार बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया, तो वहीं कुचामन क्षेत्र में झमाझम बारिश ने भीषण गर्मी से राहत दिलाई. डूंगरपुर में रात करीब 10 बजे तेज गर्जना और बिजली के साथ शुरू हुई बारिश कई घंटों तक जारी रही. इससे शहर के पुराने इलाके घाटी, कानेरा पोल, मोची बाजार और भोईवाड़ा में 3 फीट तक पानी भर गया. मौसम विभाग ने जिले के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. निठाउवा में सबसे अधिक 95 एमएम यानी पौने 4 इंच बारिश दर्ज की गई.

डूंगरपुर में पुराने शहर की सड़कें बनीं दरिया: बीती रात करीब 10 बजे अचानक आसमान में काले बादल छा गए और तेज गर्जना व बिजली की चमक के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई. कई घंटों तक हुई तेज बारिश से डूंगरपुर शहर के पुराने इलाके जलमग्न हो गए. देखते ही देखते भीतरी शहर की सड़कें दरिया जैसी नजर आने लगीं. कई स्थानों पर लोगों को घरों से निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ा. रातभर रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रहा, जिससे नदी-नालों में भी पानी की अच्छी आवक हुई. मौसम विभाग ने जिले के लिए येलो अलर्ट जारी किया है और दिनभर बारिश की संभावना जताई है.

पढ़ें: ए भाई, जरा देखकर चलो...! बारिश से राजधानी की सड़कें बदहाल, कहीं सड़कें धंसी, कहीं गहरे गड्ढे

निठाउवा में चार इंच बारिश: वर्षा के आंकड़ों पर नजर डालें तो बुधवार सुबह 8 बजे तक जिले में सबसे अधिक 95 एमएम यानी पौने 4 इंच बारिश निठाउवा में दर्ज की गई. इसके बाद वेंजा में 85 एमएम, डूंगरपुर शहर में 73 एमएम, धंबोला और सागवाड़ा में 70-70 एमएम, आसपुर में 67 एमएम, गणेशपुर में 56 एमएम, कनबा में 53 एमएम, गलियाकोट में 51 एमएम, देवल में 45 एमएम, सोम-कमला-अम्बा बांध क्षेत्र में 40 एमएम, साबला में 24 एमएम तथा चिखली में 23 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई. लगातार हो रही बारिश से किसानों के चेहरों पर खुशी है, वहीं प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से सावधानी बरतने की अपील की है.

यह भी पढ़ें: डूंगरपुर में डेढ़ घंटे में 2.5 इंच बरसात: भोईवाड़ा में बाइक-स्कूटी बही, सीवरेज कार्य की लापरवाही से सड़कें उखड़ीं

कुचामनसिटी में झमाझम बारिश: कुचामन क्षेत्र में कल सुबह से लगातार हो रही झमाझम बारिश ने भीषण गर्मी से लोगों को बड़ी राहत दिलाई. तेज बारिश के चलते शहर की सब्जी मंडी और कई निचले इलाकों में पानी भर गया. बारिश शुरू होने के कुछ ही देर बाद सड़कों पर पानी बहने लगा, जिससे कई स्थानों पर आवागमन भी प्रभावित हुआ. बारिश के बाद मौसम पूरी तरह बदल गया और तापमान में गिरावट दर्ज की गई. ठंडी हवाओं और सुहावने मौसम का लोगों ने भरपूर आनंद लिया. लंबे समय से पड़ रही तेज गर्मी और उमस से परेशान लोगों के चेहरों पर राहत साफ दिखाई दी. बच्चे सड़कों और गलियों में बारिश के पानी में नहाते और मस्ती करते नजर आए. कई लोगों ने घरों की छतों और खुले स्थानों पर बारिश का आनंद लिया. किसानों ने भी इस बारिश को फसलों के लिए लाभदायक बताया और अच्छी बारिश की उम्मीद जताई. हालांकि, कुछ इलाकों में जलभराव के कारण व्यापारियों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा.

Last Updated : July 8, 2026 at 3:39 PM IST