मानसून : यूपी में अब कब होगी बारिश?, मौसम विभाग का नया RAIN ALERT जानिए
कई जिलों में उमस और गर्मी ने फिर यूपी वालों को किया परेशान, मौसम विभाग ने फिर जारी की चेतावनी.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : July 5, 2026 at 10:18 AM IST
|Updated : July 5, 2026 at 10:37 AM IST
लखनऊ: यूपी में 30 जून को दाखिल होने के बाद मानसून महज चार दिन तक ही राहत दे सका. मानसून अब ठंडा पड़ गया है. मौसम विभाग ने आने वाले 5 दिनों को लेकर अलर्ट जारी किया है. चलिए आगे जानते हैं कि आखिर यूपी में बारिश कब होगी. क्या इस हफ्ते कहीं कोई संभावना है. चलिए जानते हैं.
बता दें, शनिवार को उत्तर प्रदेश में ज्यादातर जगह पर बादलों की आवाजाही रही. बीच-बीच में तेज धूप खिली. मौसम में नमी होने और तेज धूप खिलने के कारण उमस भरी भीषण गर्मी जारी रही. इस दौरान राजधानी लखनऊ में 15 मिमी बारिश रिकार्ड की गई. वहीं बिजनौर में 15.4 मिलीमीटर आगरा में 11.8 मिलीमीटर और बुलंदशहर, फर्रुखाबाद, मुजफ्फरनगर में हल्की बारिश रिकॉर्ड की गई.
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार उड़ीसा के पास बने निम्न दबाव के क्षेत्रफल के कारण मानसून उत्तर प्रदेश से 48 घंटे के लिए छिटक गया है. इस दौरान कहीं-कहीं गरज चमक के साथ बारिश और तेज रफ्तार हवा चल सकती है.

44% कम हुई बारिश: 1 जून से 4 जुलाई तक उत्तर प्रदेश में अनुमानित बारिश 118 मिली मीटर के सापेक्ष 66.6 मिली मीटर रिकॉर्ड की गई जो कि सामान्य से 44% कम है.
उमस भरी गर्मी की संभावना इन जिलों में अधिक: प्रतापगढ़, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच लखीमपुर खीरी, सीतापुर, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर एवं आस पास के क्षेत्र में अलर्ट जारी किया गया है.
लखनऊ का मौसम ऐसा रहेगा: मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार रविवार को लखनऊ में कुछ स्थानों पर बादलों की आवाजाही जारी रहेगी. वहीं ज्यादातर स्थानों पर मौसम ड्राई रहेगा अधिकतम तापमान 38 और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
राजधानी लखनऊ में शनिवार को सुबह के समय बादलों की आवाजाही रही दिन के समय कुछ स्थानों पर तेज बारिश भी हुई. वहीं बारिश के बाद आसमान साफ रहा तेज धूप खिली मौसम में नमी होने के कारण उमस भरी गर्मी पड़ी.
प्रयागराज सबसे गर्म जिला: शनिवार को उत्तर प्रदेश का प्रयागराज सबसे अधिक गर्म जिला रहा, जहां पर अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस अधिक है. सबसे कम न्यूनतम तापमान कानपुर जिले में 24 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस कम है.
आगामी 2 दिनों तक प्रादेशिक मानसूनी सक्रियता में कमी: मौसम विभाग का कहना है कि अगले 48 घंटों तक मानसून कम सक्रिय रहेगा. इसकी वजह है बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दाब. 7 जुलाई के बाद यूपी में फिर से बारिश शुरू होगी. इसके बाद अगले 5 दिनों तक अच्छी बारिश की संभावना है. इस बार थोड़ी रुक-रुक कर बारिश होगी.
ये भी पढ़ें- यूपी में ठिठका मानसून, सोनभद्र समेत सिर्फ 4 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, अब कब पकड़ेगा रफ्तार?

