छत्तीसगढ़ में मानसून की एक्टिविटी हुई कम, 6 फीसदी दर्ज की गई कम बारिश
अगले 2 दिनों के दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में 1 डिग्री से 3 डिग्री तक की वृद्धि की संभावना है. रितेश तंबोली की रिपोर्ट.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : August 20, 2026 at 4:54 PM IST
रायपुर: बीते शनिवार से छत्तीसगढ़ के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है. मौसम विभाग रायपुर की मानें तो पिछले 3 दिनों दिनों के दौरान मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ में 1 से 2 जगहों पर भारी से अति भारी बारिश दर्ज की गई. अगले 2 दिनों के दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में एक डिग्री से 3 डिग्री तक की वृद्धि होने की संभावना है, इसके साथ ही गुरुवार से मानसून की एक्टिविटी में कमी आने की संभावना है.
सामान्य से 6% कम बारिश दर्ज की गई
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक 1 जून से लेकर अब तक पूरे प्रदेश में सामान्य से 6% कम बारिश दर्ज की गई है. 1 जून से लेकर अब तक पूरे प्रदेश में सामान्य बारिश 818.7 मिलीमीटर होनी चाहिए थी, लेकिन पूरे प्रदेश में 771.8 मिमी बारिश दर्ज की गई.
20 अगस्त से मानसून की एक्टिविटी कम होने की संभावना
मौसम वैज्ञानिक, गायत्रीवाणी कांचीभोटला ने कहा, "एक लो प्रेशर एरिया है जो उत्तर पश्चिम में बे ऑफ बंगाल में फॉर्म होकर डिप्रेशन के रूप में इंटेंसिफाई होकर झारखंड के पार हुआ है. आज की स्थिति में मूव होकर मध्य प्रदेश के ऊपर था. जिसकी वजह से पिछले 3 दिनों तक प्रदेश में एक्टिव मानसून कंडीशन देखने को मिला. पिछले 3 दिनों के दौरान उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में एक दो स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश हुई.
पिछले 48 घंटे के दौरान बलरामपुर इलाके में काफी अच्छी बारिश हुई है. गुरुवार से बारिश की गतिविधि में कमी आने की संभावना है. मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के एक दो स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना जारी रहेगी. पूरे प्रदेश में मानसून की एक्टिविटी गुरुवार से कम होने की संभावना है: गायत्रीवाणी कांचीभोटला, मौसम वैज्ञानिक
अधिकतम तापमान 3 डिग्री तक गिरा
तापमान को लेकर मौसम वैज्ञानिक ने कहा, ''सिस्टम और सक्रिय मानसून कंडीशन की वजह से पिछले 3 दिनों में अधिकतम तापमान 3 डिग्री तक नीचे गिरा है. आज से लेकर आने वाले 2 दिनों तक अधिकतम तापमान 1 से 3 डिग्री तक बढ़ने की संभावना है. 2 दिनों के बाद कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है. 1 जून से लेकर अब तक प्रदेश में मानसून सामान्य के अंतर्गत ही है प्रदेश के सामान्य बारिश की बात करें तो वर्तमान में 6% कम है. मुख्य रूप से मध्य छत्तीसगढ़ और रायपुर संभाग, बिलासपुर संभाग के अधिकांश जिलों में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज हुई. तीन-चार जिले ऐसे हैं, जहां पर सामान्य से थोड़ी कम बारिश हुई है. लेकिन प्रदेश के अधिकांश जिले सामान्य और सामान्य से अधिक बारिश दर्ज हुई.''
सामान्य और सामान्य से कम, सामान्य से अधिक बारिश वाले जिले
- पूरे प्रदेश में 1 जून से लेकर अब तक सामान्य से अधिक बारिश वाले जिलों में बलोदा बाजार, बलरामपुर, जांजगीर, महासमुंद, मुंगेली, नारायणपुर के साथ ही सारंगढ़ और भिलाईगढ़ है.
- 1 जून से लेकर अब तक सामान्य बारिश वाले जिलों में बालोद, बीजापुर, बिलासपुर, दंतेवाड़ा, धमतरी, दुर्ग, गरियाबंद, गौरेला पेंड्रा मरवाही, कबीरधाम, खैरागढ़, छुईखदान, गंडई, कोरबा, कोरिया, मनेंद्रगढ़ भरतपुर चिरमिरी, रायगढ़, रायपुर, राजनंदगांव, सक्ती, सुकमा, सूरजपुर जैसे जिलों के नाम शामिल हैं.
- 1 जून से लेकर अब तक सामान्य से कम बारिश वाले जिलों में सरगुजा, कोंडागांव, कांकेर, जशपुर, बेमेतरा, बस्तर जैसे जिले शामिल हैं.
24 घंटे के लिए येलो अलर्ट
प्रदेश के बिलासपुर, गौरेला पेंड्रा मरवाही, कबीरधाम, खैरागढ़ छुईखदान गंडई, कोरिया, मनेंद्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर और मुंगेली जिले के एक दो स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है.
48 घंटे के लिए येलो अलर्ट
प्रदेश के कोरिया, मनेंद्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर और सूरजपुर जिले के एक दो स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है.
कांकेर में रिटर्निंग वॉल टूटने से नदी ने बदला रास्ता, एनीकट सूखा शहर में पानी की किल्लत
मनेंद्रगढ़ के हनुमान टेकरी में सावन उत्सव, हरे परिधानों में महिलाओं ने गाए भक्ति गीत

