महेंद्रगढ़ की बेटी मोनिका भारद्वाज नौसेना में बनी अग्निवीर, घर पहुंचने पर हुआ ग्रैंड वेलकम
हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के निजामपुर की बेटी मोनिका भारद्वाज ने नौसेना में अग्निवीर के तौर पर भर्ती होकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है.

Published : February 9, 2026 at 10:59 PM IST
महेंद्रगढ़ : हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के निजामपुर की बेटी मोनिका भारद्वाज ने नौसेना में अग्निवीर भर्ती होकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है. उसकी भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बाद ट्रेनिंग लेकर वो अपने गांव आई. समारोह के अंत में सभी ग्रामीणों ने मोनिका भारद्वाज के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि उन्हें विश्वास है कि वो भारतीय नौसेना में भी गांव और देश का नाम गर्व से रोशन करेगी.
मोनिका भारद्वाज का भव्य स्वागत : मोनिका भारद्वाज के गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने डीजे के साथ उनका भव्य स्वागत किया. निजामपुर के गांव ब्राह्मणवास की बेटी मोनिका भारद्वाज ने भारतीय नौसेना में अग्निवीर के रूप में चयनित होकर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे गांव और क्षेत्र का नाम रोशन किया है. मोनिका, संजय शास्त्री की पुत्री हैं और वो गांव ब्राह्मणवास की पहली बेटी हैं जिनका चयन भारतीय नौसेना में हुआ है. इस ऐतिहासिक उपलब्धि से गांव में खुशी और गर्व का माहौल बना हुआ है. ग्राम सरपंच गिरधारी लाल स्वामी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने मोनिका का गर्मजोशी से अभिनंदन किया. गांव पहुंचने पर उन्हें फूल मालाएं पहनाकर, साफा बांधकर सम्मानित किया गया. इस अवसर पर डीजे के साथ जुलूस निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं और युवा शामिल हुए. पूरे गांव में देशभक्ति के नारे और तालियों की गूंज सुनाई दी.
मोनिका बनी मिसाल : ग्राम सरपंच गिरधारी लाल स्वामी ने कहा कि मोनिका की उपलब्धि गांव की बेटियों के लिए एक मिसाल है. उन्होंने कहा कि आज गांव की बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और मोनिका ने ये साबित कर दिया है कि कठिन मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है. ग्रामीणों ने मोनिका के माता-पिता को भी बधाई देते हुए उनकी परवरिश और संस्कारों की सराहना की. ग्रामीणों ने बताया कि मोनिका शुरू से ही मेहनती और अनुशासित रही हैं. उन्होंने कठिन परिश्रम के बल पर ये मुकाम हासिल किया है. गांववासियों का कहना है कि मोनिका की सफलता से अन्य बेटियों को भी सेना और अन्य प्रतिष्ठित सेवाओं में जाने की प्रेरणा मिलेगी.
हरियाणा समेत देश की ताजा ख़बरें पढ़ने के लिए ईटीवी भारत ऐप डाउनलोड करें. यहां आपको मिलेंगी तमाम बड़ी ख़बरें, हर बड़ा अपडेट, वो भी सबसे सटीक और डिटेल एनालिसिस के साथ - Download App
ये भी पढ़ें : कनिष्क चौहान का झज्जर में ग्रैंड वेलकम, मां की आंखों से छलके खुशी के आंसू
ये भी पढ़ें : पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, पंचकूला जिला अदालत को भी धमकी वाला ई-मेल, सर्च ऑपरेशन जारी

