इतना दुस्साहस..! बिहार में घर में घुसकर महिला से दुष्कर्म
बेतिया में दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया है. महिला ने आरोप लगाया कि घर में घुसकर उसके साथ जबरदस्ती की गई.

Published : July 1, 2026 at 6:36 PM IST
पश्चिम चंपारण : बिहार के बेतिया से सनसनीखेज मामला सामने आया है. जहां एक महिला ने गांव के ही युवक पर घर में घुसकर जबरन दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है. महिला की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने आरोपी को घर के अंदर बंद कर दिया और पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर थाने ले गई.
घर में घुसकर महिला से दुष्कर्म : मामला इनरवा थाना क्षेत्र के एक गांव का है. पीड़िता ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि मंगलवार की रात करीब 10 बजे वह अपने घर के बाहर आंगन में लगे चापाकल पर पानी भरने गई थी. इसी दौरान गांव का रहने वाला 38 वर्षीय युवक वहां पहुंचा. महिला का आरोप है कि आरोपी ने उसे जबरन पकड़ लिया और खींचकर घर के अंदर ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया.
लोगों ने पकड़कर घर के अंदर बंद किया : पीड़िता के अनुसार, घटना के दौरान उसके शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ लिया. इसके बाद लोगों ने आरोपी को घर के अंदर ही बंद कर बाहर से ताला लगा दिया और इसकी सूचना तुरंत इनरवा थाना पुलिस को दी.

पुलिस ने किया गिरफ्तार : सूचना मिलते ही इनरवा थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने ग्रामीणों द्वारा बंद किए गए कमरे से आरोपी को बाहर निकाला और उसे हिरासत में लेकर थाने ले गई. पुलिस ने पीड़िता के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
''महिला के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. पूरे मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.''- संतोष कुमार सिंह, इनरवा थाना, थानाध्यक्ष
लोग कर रहे हैं अलग बातें : वहीं, इस मामले को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं भी सामने आ रही हैं. कुछ ग्रामीणों ने नाम नहीं बताने की शर्त पर दावा किया कि महिला और आरोपी के बीच पहले से जान-पहचान थी और दोनों के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था. हालांकि इन दावों की पुलिस स्तर पर पुष्टि नहीं हुई है. फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे मामले की जांच जारी है. जांच के बाद ही घटना की पूरी सच्चाई सामने आ पाएगी.
ये भी पढ़ें :-
महिला से सामूहिक दुष्कर्म, आर्मी अभ्यर्थी बना फरिश्ता, 6 घंटे में तीनों आरोपी गिरफ्तार
बिहार में मोमोज खिलाकर दुष्कर्म.. वीडियो वायरल होने के बाद रेहान अंसारी को ढूंढ रही पुलिस
बिहार में शौच के लिए निकली युवती से गैंगरेप, पुलिस ने तीनों आरोपियों को दबोचा

