ETV Bharat / state

पाकुड़ में चार साल की बच्ची से दुष्कर्म, पुलिस ने दो नाबालिगों को लिया हिरासत में

पाकुड़ में 4 साल की बच्ची से दुष्कर्म मामले में दो नाबालिगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है.

Molestation Case in Pakur
मालपहाड़ी ओपी. (फोटो-ईटीवी भारत)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : August 26, 2026 at 3:16 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

पाकुड़: जिले के मालपहाड़ी ओपी क्षेत्र में एक मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है. घटना को लेकर पीड़िता की मां ने गांव के ही दो नाबालिगों के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है. आवेदन मिलने के बाद मालपहाड़ी आउटपोस्ट की पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर दोनों नाबालिगों को हिरासत में ले लिया है. घटना की पुष्टि ओपी प्रभारी राहुल कुमार गुप्ता ने की है.

पीड़ित बच्ची की मां के द्वारा की गई शिकायत के मुताबिक बीते 25 अगस्त को दिन के लगभग 11:00 बजे बच्ची खेलने के लिए घर से बाहर निकली थी और एक घंटे बाद वह रोते-बिलखते घर पहुंची. जब बच्ची को जख्मी हालात में उसकी मां ने देखा तो उसके होश उड़ गए.

शिकायत के मुताबिक गांव की एक महिला ने नवनिर्मित मकान में बच्ची के साथ गलत होता देखा था और इसकी जानकारी उक्त महिला ने पीड़ित बच्ची की मां को दी. घटना को लेकर पीड़ित बच्ची की मां ने मालपहाड़ी आउटपोस्ट पहुंचकर शिकायत की. शिकायत मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी.

मालपहाड़ी ओपी प्रभारी राहुल कुमार गुप्ता ने बताया कि मिली शिकायत पर कांड संख्या 200/26 पोक्सो एक्ट के तहत दर्ज करते हुए दो नाबालिगों को हिरासत में लिया गया है. ओपी प्रभारी ने बताया कि बच्ची को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेज दिया गया है. उन्होंने बताया कि दोनों नाबालिगों को न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा.