मोकामा में ब्यूटीशियन पर एसिड अटैक, घर लौटते समय थाने से 1KM दूर हुई वारदात
मोकामा में ब्यूटी पार्लर संचालिका पर दो बाइक सवार बदमाशों ने चेहरे पर एसिड फेंक दिया. घटना में महिला झुलस गई..पढ़ें पूरी खबर-

Published : December 22, 2025 at 3:55 PM IST
पटना : बिहार में नई सरकार के गठन के बाद एक बार फ़िर से आपराधिक घटनाओं में बढ़ोतरी देखी जा रही है. एक बार फिर बिहार में महिला पर एसिड अटैक हुआ है. मामला पटना के मोकामा का है जहां ब्यूटी पार्लर संचालिका पर एसिड फेंका गया है. इस घटना के संबंध में पुलिस को जो शुरुआती इनपुट मिले हैं उसके मुताबिक साथ के लोगों द्वारा ही इस घटना को अंजामा दिलाया गया हो सकता है.
मोकामा में महिला पर एसिड अटैक : दो बाइकसवार बदमाशों ने घटना को उस वक्त अंजाम दिया जब ब्यूटी पार्लर संचालिका अपना पार्लर बंद करके घर लौट रही थी. तभी पहले से घात लगाए आरोपियों ने उसके ऊपर एसिड फेंक दिया. इस दौरान महिला काफी झुलस गई और दर्द से कराहने लगी. ये घटना थाने से महज 1 किलोमीटर दूर हुई.
इलाज के बाद हायर सेंटर रेफर : उसे स्थानीय लोगों की मदद से अनुमंडलीय अस्पताल बाढ़ पहुंचाया गया. जहां पीड़िता ज़ख्म से कराह रही थी. महिला की हालात नाज़ुक बनी हुई थी. डॉक्टर ने महिला की प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर पटना रेफर कर दिया है.
दो बाइक सवार युवकों ने फेंका था एसिड : घटना के संबंध में पीड़िता के पति ने बताया कि वह प्रतिदिन की तरह बीती शाम भी अपना ब्यूटी पार्लर बंद कर घर लौट रही थीं, तभी पूर्व से घात लगाए बैठे बाइक सवार दो-तीन युवकों ने उसे रोका और अचानक उसके चेहरे पर एसिड फेंक कर फरार हो गये. जिससे वह झुलस गई. जिन्हें स्थानीय लोगों द्वारा इलाज के लिए लाया गया जहां इलाज चल रहा है.
दर्द से कराह उठी महिला : तेजाब महिला के चेहरे पर गिरते ही महिला दर्द से कराह उठी और चीखने-चिल्लाने लगी. उसके बाद बदमाशों ने महिला को नाले में ढकेल दिया. जिससे महिला के सिर में भी गंभीर चोटें आई है. किसी से कोई विवाद की बात से पति ने इंकार किया है.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गई और मामले की जांच में जुट गई है. इस संबंध में पटना जिले के बाढ़ अनुमंडलीय पुलिस पदाधिकारी आनंद कुमार ने बताया कि मोकामा थाना क्षेत्र में हुए तेजाब कांड में पुलिस की कार्यवाई तेज कर दी है.
''इस प्रकरण में पुलिस ने एसिड फेंकने वाले बाइक सवार दोनों युवकों की तलाश की जा रही है. पीड़ित महिला की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है. घटनास्थल का निरीक्षण भी किया गया है. एफएसएल की टीम को बुलाकर साक्ष्य संकलन कराया गया है. पुलिस ने पीड़िता महिला की दो महिला साथी जो घटना के समय साथ थीं और एक पुरुष को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरु कर रही है.''- आनंद कुमार, बाढ़ एसडीपीओ
पुलिस ने बताया कि उन्हें जानकारी मिल रही है कि साथ की दोनों महिला उसे चाट खिलाने ले गई थीं, कुछ इनपुट मिली है पुख्ता होने पर जल्द ही घटना का खुलासा होगा और दोषी पकड़े जाएंगे.
ये भी पढ़ें-

