मोहन यादव का काफिला हुआ कम, रात के फैसले का सुबह दिखा असर
पीएम मोदी की अपील के बाद सीएम मोहन यादव ने घटाया काफिला, रात के फैसले का सुबह दिखा असर, नहीं मान रहे मंत्री विधायक.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : May 13, 2026 at 5:19 PM IST
भोपाल: पीएम मोदी की पेट्रोल-डीजल की बचत को लेकर की गई अपील के बाद जब मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री और विधायकों के काफिले में दर्जनों गाड़ियों के काफिले के वीडियो सामने आ रहे थे, तब मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने रात में अपने काफिले में गाड़ियां हटाने का फैसला किया और सुबह तक सड़क पर उसका अमल दिखाई भी दे गया. मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के काफिले में अब 13 से घटाकर 6 से 7 गाड़ियां हैं. जब उन्होंने भोपाल से नरसिंहपुर की यात्रा की तो उनका काफिला आधा हो चुका था.
13 से घटकर केवल 6 से 7 गाड़ियां इस काफिले में थी. हालांकि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव को जेड प्लस सुरक्षा मिली हुई है. मुख्यमंत्री ने पहले अपने काफिले में कटौती की फिर नजता से अपील की वे भी पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करें.
रात में निर्णय सुबह सड़क पर अमल, काफिला यूं सिमटा
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने रात में निर्णय लिया कि आगामी आदेश तक उनके कारकेड में सुरक्षा के लिहाज से जो वाहन चलते हैं, उनकी संख्या न्यूनतम की जाएगी. इसके अलावा जब वे यात्रा करेंगे, तब भी कोई वाहन रैली नहीं की जाएगी. सुबह जब सीएम भोपाल की सड़कों से नरसिंहपुर के लिए गुजरे, तो इस निर्णय का अमल दिखाई दिया. भोपाल से सामने आया मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के वीडियो में दिखाई देता है कि किस तरह से उनका कारकेड सीमित हो गया है.

जेड प्लस सुरक्षा मिली होने के बावजूद मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के काफिले में 13 गाड़ियों की जगह केवल 6 से 7 गाड़ियां रखी गई. सीएम ने प्रदेश के लोगों से भी ये अपील की है कि वे राष्ट्र हित में सार्वजनिक परिवहन को ज्यादा अपनाएं.
मंत्री और विधायक नहीं मान रहे, सीएम की अपील कारकेड घटाओ
पीएम मोदी की अपील का असर मध्य प्रेदश में मंत्रियों विघायकों में इतना नहीं दिखाई दिया. अपील किए जाने के बाद भी मंत्री धर्मेन्द्र लोधी अपने काफिले के साथ ही खंडवा पहुंचे थे. उधर विधायक प्रीतम लोधी तो अपनी विधानसभा तक पहुंचने के लिए शक्ति प्रदर्शन कर रहे थे और गाड़ियों की कतार लिए चल रहे थे. हालांकि इस तरह की तस्वीरें सामने आने के बाद ही मुख्यमंत्री ने ये निर्देशित किया कि सारे मंत्री सरकारी की यात्रा के समय न्यूनतम वाहनों का उपयोग करेंगे.

जिस तरह से निगम अध्यक्ष सौभाग्य सिंह के 700 गाड़ियों के काफिले की तस्वीरें आई, उसके बाद उन्हें भी हिदायत दी गई कि नव नियुक्त निगम-मंडल के पदाधिकारी सादगी से अपना पदभार ग्रहण करेंगे और कोई रैली नहीं निकाली जाएगी.
- मोहन यादव के काफिले से नदारद हुईं स्पेशल कारें, पीएम मोदी के इशारे का इंस्टेंट असर
- मध्य प्रदेश में होगा कैबिनेट विस्तार? मोहन यादव करेंगे मंत्रियों से चर्चा, डेट फिक्स
प्रधानमंत्री मोदी ने की जनता से ये अपील
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनता से अपील है कि वे पेट्रोल-डीजल का उपयोग कम करें. सार्वजनिक परिवहन या कारपूलिंग का इस्तेमाल करें. एक साल तक सोना न खरीदें, ताकि, विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव कम किया जा सके. जनता विदेशी ब्रांड की जगह स्वदेशी उत्पादों का उपयोग करे. संभव हो सके तो जनता वर्क फ्रॉम होम करे. अगले एक साल तक गैर-जरूरी विदेशी यात्राओं से बचें. किसान रासायनिक उर्वरकों का उपयोग कम करें और प्राकृतिक खेती अपनाएं. खाने में जरूरत के अनुसार ही खाद्य तेल का उपयोग करें.

