ETV Bharat / state

प्रमोशन में अड़ंगा लगाने की शिकायत के बाद मोहन यादव ने उठाया कदम, रात भर दौड़ी फाइलें

मध्य प्रदेश में विभागों की पदोन्नति की प्रक्रिया की मॉनिटरिंग कर रहे मोहन यादव, प्रमोशन के मामले में शिकायत पर मांगा अब तक का ब्योरा.

MOHAN YADAV PROMOTION MONITORING
मध्य प्रदेश में विभागों की पदोन्नति की प्रक्रिया की मॉनिटरिंग कर रहे मोहन यादव (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : July 9, 2026 at 12:05 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

भोपाल: सालों के इंतजार के बाद मध्य प्रदेश में कर्मचारी के प्रमोशन की प्रक्रिया फिर शुरू हुई है. लोक सेवा पदोन्नति नियम 2025 के तहत प्रदेश के सभी विभागों में प्रमोशन की कार्रवाई की जा रही है. उधर, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव विभागों में की गई पदोन्नति की कार्रवाई की जल्द ही समीक्षा करने वाले हैं. कैबिनेट की बैठक मैं मुख्यमंत्री ने सभी विभागों से अब तक की गई पदोन्नति की कार्रवाई का ब्योरा मांगा है. मुख्यमंत्री ने कैबिनेट की बैठक में मंत्रियों और अधिकारियों को पदोन्नति के मामले में गंभीरता से काम करने के निर्देश दिए हैं.

सामान्य प्रशासन विभाग ने मांगी जानकारी

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा विभागों से जानकारी मांगे जाने के बाद सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) ने सभी विभागों की प्रमुख सचिव को अब तक की गई पदोन्नति के संबंध में जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं. सामान्य प्रशासन विभाग ने इसके लिए सभी विभागों के अपर मुख्य सचिव और प्रमुख सचिव को पत्र जारी किया है. इसमें कहा गया है कि पदोन्नति को लेकर विभागों में अभी तक कितनी कार्रवाई हुई है उसके संबंध में तत्काल जानकारी भेजी जाए. सामान्य प्रशासन विभाग ने इसके लिए एक लिंक भी उपलब्ध कराई है संबंधित जानकारी इस लिंक पर अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं.

Mohan Yadav Monitoring Promotion asked GDA Details of promotion
कर्मचारियों के बीच मोहन यादव (ETV Bharat)

मुख्यमंत्री ने सभी अधिकारियों को चेताया

कैबिनेट की बैठक में मुख्यमंत्री ने सभी अधिकारियों को चेताते हुए कहा कि "पदोन्नति के मामले में सभी विभाग बेहद गंभीरता से कम करें. जो भी अधिकारी लोक सेवा पदोन्नति नियम 2025 के अंतर्गत पदोन्नति के पात्र हैं उन्हें इसका लाभ दिया जाए. मुख्यमंत्री ने सभी मंत्रियों को भी इसको लेकर निगरानी बनाये रखने के लिए कहा है."

बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि पदोन्नति को लेकर अभी तक किस विभाग ने कितनी कार्रवाई की है इसकी विस्तृत जानकारी जल्द से जल्द उपलब्ध कराई जाए. दरअसल, मुख्यमंत्री सचिवालय तक यह जानकारी पहुंची थी कि कुछ विभाग पदोन्नति को लेकर गंभीरता नहीं दिख रहे हैं. छोटी-छोटी शिकायत को आधार बनाकर पदोन्नति में रोड़े अटकाए जा रहे हैं.

ये भी पढ़ें:

उधर, कैबिनेट की बैठक के पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का मंत्रालय के कर्मचारियों अधिकारियों द्वारा स्वागत और अभिनंदन किया गया. कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री से मांग की थी कि जिन विभागों में पदोन्नति की प्रक्रिया शुरू नहीं हो पाई है वहां भी जल्द प्रमोशन का लाभ दिया जाए. कर्मचारी संगठनों ने मुख्यमंत्री से जिलों में भी पदोन्नति प्रक्रिया शुरू करने की मांग करते हुए कहा था कि कुछ विभागों में अधिकारियों की लापरवाही की वजह से अभी तक पात्र कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ नहीं दिया जा रहा है.