मध्य प्रदेश के कर्मचारियों के लिए बड़ा ऐलान, मंत्रालय में मोहन यादव का ढोल नगाड़ों से स्वागत
कर्मचारियों अधिकारियों के प्रमोशन को लेकर सीएम डॉ मोहन यादव की बड़ी घोषणा, बताया कैसे कोई प्रमोशन से नहीं छूटेगा. फैसला सुनते ही झूम उठे कर्मचारी.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : July 8, 2026 at 5:01 PM IST
|Updated : July 8, 2026 at 5:07 PM IST
भोपाल : मध्यप्रदेश के कर्मचारियों अधिकारियों के लिए खुशखबरी है. दस साल बाद प्रदेश के कर्मचारियों अधिकारियों के अटके प्रमोशन का रास्ता खुलने के बाद मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने उन्हें बड़ा आश्वासन दिया है. असल में कर्मचारियों ने मांग की है कि जिन विभागों में ये प्रक्रिया शुरु नहीं हुई है वहां भी जल्द इसे शुरु किया जाएगा. कर्मचारियों-अधिकारियों ने आज मंत्रालय में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का दरवाजे पर ही ढोल नगाड़ों से स्वागत किया.
मंत्रालय में मोहन यादव का ढोल नगाड़ों से स्वागत
मंत्रालय के दरवाज़े पर बुधवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की प्रतीक्षा कर रहे अधिकारियों कर्मचारियों ने उनका जोरदार स्वागत किया. वजह ये थी कि पूरे दस साल से प्रमोशन की बाट जोह रहे कर्मचारियों-अधिकारियों की पदोन्नति का दरवाजा खुल ही गया. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उन्हें ये बड़ी सौगात दे दी. इस बीच कर्मचारियों ने यह भी मांग कर दी कि जिन विभागों में यह प्रक्रिया शुरू नहीं है, वहां भी जल्द शुरू की जाए. इस पर सीएम डॉ. यादव ने आश्वासन देते हुए कहा कि जो भी अधिकारी-कर्मचारी पदोन्नति का पात्र होगा, उसे वह दी जाएगी, कोई नहीं छूटेगा.
यह भी पढ़ें-
- इस IAS के लोग दीवाने, पत्नी भी कलेक्टर, इन्हें कहते हैं बुजुर्गों और मजबूरों का मसीहा
- देर रात फौज की तरह भोपाल की सड़कों पर उतरी पुलिस, तेज बारिश के बीच अचानक चेकिंग
- प्रमोशन में आरक्षण मामला, हाईकोर्ट ने फैसला रखा सुरक्षित, 13 जुलाई को होगी सुनवाई
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार की इस पहल से लाखों कर्मचारियों को लाभ पहुंचेगा. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज कैबिनेट बैठक के लिए जैसे ही मंत्रालय पहुंचे, वैसे ही उनके स्वागत में ढोल-नगाड़े बजने लगे. अधिकारी-कर्मचारी उनके स्वागत के लिए दरवाजे पर जमा हुए. कर्मचारियों ने पदोन्नति की प्रक्रिया शुरू करने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार जताया.
कर्मचारी संगठनों को सीएम ने भरोसा दिलाया, कोई नहीं छूटेगा
इस अवसर पर कर्मचारी कल्याण समिति, मंत्रालय कर्मचारी संघ और अजाक्स के पदाधिकारी मौजूद थे. मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर पर कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों से बातचीत की. उन्होंने संघों के पदाधिकारियों को आश्वासन दिया और कहा, '' कोई भी पात्र कर्मचारी अन्याय का शिकार नहीं होगा. कर्मचारी कल्याण हमारी पहली प्राथमिकता है. उसी का परिणाम है कि आज लाखों कर्मचारियों को सीधा फायदा होने जा रहा है.''

