मोहन यादव ने तैयार किया क्वेश्चन पेपर, किसानों के मुद्दे पर इन 3 सवालों के जवाब दें राहुल गांधी
कांग्रेस सांसद राुहल गांधी मंगलवार को मध्य प्रदेश दौरे पर, मुख्यमंत्री मोहन यादव ने राहुल गांधी से पूछे तीन सवाल, साथ में मांगे उनके विचार.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : February 24, 2026 at 3:09 PM IST
भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने मध्य प्रदेश दौरे से पहले सांसद व लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के लिए प्रश्नपत्र तैयार किया है. मोहन यादव ने राहुल गांधी से 3 सवाल पूछे हैं. मोहन यादव ने असल में राहुल गांधी का खेती किसानी को लेकर टेस्ट लिया और कहा कि किसानों की चौपाल लगाने आ रहे राहुल गांधी किसानों की चिंता भी करें. उन्होंने तीन प्रश्नों के जरिए राहुल गांधी की खेती किसानी की समझ को लेकर सवाल खड़े किए.
मोहन यादव के सवाल कृपया राहुल जी बताएं
मोहन यादव ने कहा कि "लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी हमारे प्रदेश आ रहे हैं, मैं उनका स्वागत करता हूं, लेकिन किसान चौपाल लगा रहे राहुल गांधी से मैं पूछना चाहता हूं कि वे बताएं रबी और खरीफ की फसल क्या होती है? मुख्यमंत्री ने दूसरा सवाल दलहन को लेकर पूछा, दलहन में क्या-क्या फसलें आती हैं. राहुल गांधी से किया गया तीसरा सवाल तिलहन से जुड़ा हुआ था कि तिलहन में कौन-कौन सी फसलें होती हैं, उन्हें कैसे बढ़ावा दें. राहुल गांधी अपने सुझाव भी बताएं और दूध उत्पादन में उनके मन में क्या विचार है ये भी बताएं.

मध्य प्रदेश की जनता से माफी मांगे राहुल गांधी
मोहन यादव ने कहा कि असल में तो राहुल गांधी को मध्य प्रदेश की जनता से माफी मांगनी चाहिए. प्रदेश में 1956 से कांग्रेस की सरकार बनी थी, लेकिन 1956 से लेकर 2002-03 तक प्रदेश में 7 लाख हेक्टेयर का ही सिंचाई का रकबा बढा. जबकि 2002-03 के बाद से उमा भारती, बाबूलाल गौर और शिवराज सिंह चौहान जैसे बीजेपी के मुख्यमंत्रियों के काल में ये 44 लाख हेक्टेयर तक बढ़ गया.
मोहन यादव ने कहा मेरी सरकार में बीते डेढ़ साल में ये रकबा 10 लाख हेक्टेयर बढ़ा है. राहुल गांधी को ये समझना चाहिए के वे जहां आ रहे हैं, ये किसानों के लिए आदर्श जगह है."

- मध्य प्रदेश में 5 साल तक चलेंगी पांच योजनाएं, मोहन यादव कैबिनेट का किसानों को गिफ्ट हैंपर
- भोपाल में राहुल खड़गे, भारत अमेरिका ट्रेड डील के खिलाफ किसान महाचौपाल, जाम से बचने के देखें रास्ते
मध्य प्रदेश में किसान भी कर्ज में डूबा
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि "कांग्रेस किसानों की आवाज बुलंद कर रही है. मध्य प्रदेश में भी किसान पर 1 लाख 69 हजार करोड़ का कर्ज है. सरकार ने कभी इसके बारे में सोचा. हम किसानों का आव्हान करते हैं, पूरे देश में होने जा रही ये पंचायतें असल में किसानों के हक का देशव्यापी संघर्ष है."

