कौशांबी पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट : एक और आरोपी गिरफ्तार, मुठभेड़ में ढेर होने से बचा
आरोपी ने पिपरी थाना क्षेत्र में बरेठी नहर पुलिया के पास खुद को घिरा देख पुलिस टीम पर फायरिंग की.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : September 3, 2026 at 2:14 PM IST
कौशांबी: पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट मामले में पुलिस ने फरार आरोपी मोहम्मद आदिल को भी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी ने पिपरी थाना क्षेत्र के कमालपुर बरेठी नहर पुलिया के पास खुद को घिरा देख पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में दोनों पैरों में गोली लगने का बाद वह गिर पड़ा, जहां से पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है.
दरअसल, पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत के निर्देश पर गठित चार विशेष टीमों को सूचना मिली थी कि 14 जिंदगियों को लील जाने वाले धमाके का नामजद आरोपी मोहम्मद आदिल बाइक से भागने की फिराक में है. उसके बाद पुलिस टीम ने नहर पुलिया के पास घेराबंदी की.
सीओ शिवांक सिंह ने बताया कि खुद को घिरता देख आदिल ने पुलिस टीम को निशाना बनाते हुए फायरिंग शुरू कर दी. उसके बाद पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी, जिससे वह सड़क पर गिर पड़ा, जबकि बाइक चला रहा उसका साथी अंधेरे और झाड़ियों का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया. फिलहाल अस्पताल में भर्ती आदिल की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.
पिता समेत 3 आरोपी पहले हो चुके हैं गिरफ्तार
इस मामले में पुलिस, आदिल के पिता और मामले के मुख्य साजिशकर्ता नौशाद को पहले ही एक मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर चुकी है. दो महिला आरोपी शबाना और शाइना को भी सलाखों के पीछे भेजा जा चुका है. प्रशासन ने इस सिंडिकेट से जुड़ी कई अवैध फैक्ट्रियों और भंडारण केंद्रों को सील कर दिया है. इसके अलावा करोड़ों रुपये की बेनामी संपत्तियों और अवैध निर्माणों पर कार्रवाई हो चुकी है.
बता दें कि बीते सोमवार को कौशांबी के पिपरी थाना इलाके के महमूदपुर मनौरी में अवैध रूप से संचालित पटाखा फैक्ट्री में अचानक जोरदार धमाका हुआ था. विस्फोट इतना भयानक था कि पूरी इमारत ताश के पत्तों की तरह ढह गई थी. मलबे से कई लोगों के शव क्षत-विक्षत हालत में निकाले गए थे. उस हादसे में 14 लोगों की मौत हो चुकी है.
ये भी पढ़ें- कानपुर के सररैयाघाट-सिविल लाइंस में लगा 20 MVA का ट्रांसफार्मर; 50 हजार लोगों को राहत

