ETV Bharat / state

सहायक आचार्य परीक्षा-2025 की 5 विषयों की मॉडल उत्तर कुंजी जारी, 3 जनवरी से ऑनलाइन आपत्ति दर्ज

भर्ती परीक्षाओं में शुल्क जमा किए बिना राजस्थान लोक सेवा आयोग में आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा.

Assistant Professor Recruitment
आरपीएससी अजमेर (ETV Bharat Ajmer)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : December 31, 2025 at 7:53 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

अजमेर: सहायक आचार्य (कॉलेज शिक्षा) परीक्षा-2025 के तहत हिंदी, राजनीति विज्ञान, इतिहास, अंग्रेजी एवं भौतिकी विषयों की मॉडल उत्तर कुंजियां आयोग की वेबसाइट पर जारी कर दी गई हैं. इस संबंध में विस्तृत सूचना आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध है. आयोग के मुख्य परीक्षा नियंत्रक आशुतोष गुप्ता ने बताया कि इन विषयों की परीक्षा का आयोजन 8 से 11 दिसंबर, 2025 तक किया गया था. यदि किसी अभ्यर्थी को इन मॉडल उत्तर कुंजियों पर कोई आपत्ति हो, तो निर्धारित शुल्क के साथ 3 से 5 जनवरी, 2026 तक रात 12 बजे तक अपनी आपत्ति ऑनलाइन दर्ज करवा सकता है.

गुप्ता ने बताया कि आपत्तियां आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध मॉडल प्रश्न पत्र के क्रमानुसार ही प्रविष्ट करें. इस परीक्षा का मॉडल प्रश्न पत्र भी आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध है. उन्होंने कहा कि आपत्ति प्रामाणिक (स्टैंडर्ड/ऑथेंटिक) पुस्तकों के प्रमाण सहित ऑनलाइन ही प्रविष्ट करें. वांछित प्रमाण संलग्न नहीं होने की स्थिति में आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा.

पढ़ें: आरपीएससी: वांछित योग्यता जांचे बिना अभ्यर्थियों का फॉर्म भरने वाले ई-मित्र संचालकों पर होगी कार्रवाई

शुल्क के बिना नहीं होगा ​आपत्ति पर विचार: मुख्य परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि आयोग की ओर से प्रत्येक प्रश्न के लिए आपत्ति शुल्क 100 रुपए (सेवा शुल्क अतिरिक्त) निर्धारित किया गया है. अभ्यर्थी एसएसओ पोर्टल पर लॉगिन कर रिक्रूटमेंट पोर्टल का चयन कर, परीक्षा के लिए उपलब्ध लिंक (क्वेश्चन ऑब्जेक्शन) पर क्लिक कर प्रश्नों पर आपत्तियां दर्ज कराकर, प्रति प्रश्न 100 रुपए (सेवा शुल्क अतिरिक्त) के हिसाब से कुल आपत्ति शुल्क ई-मित्र कियोस्क या अभ्यर्थी स्वयं भी रिक्रूटमेंट पोर्टल पर उपलब्ध पेमेंट गेटवे पर भुगतान कर आपत्तियां दर्ज कर सकता है. आयोग की ओर से शुल्क वापस लौटाने का प्रावधान नहीं है. उन्होंने बताया कि शुल्क के अभाव में आपत्तियां स्वीकार नहीं की जाएंगी. आपत्तियां केवल ऑनलाइन ही प्रस्तुत करें. अन्य किसी माध्यम से भेजी गई आपत्तियां स्वीकार नहीं की जाएंगी.

यह भी पढ़ें: RPSC की आवेदन वापसी सुविधा: 1.15 लाख फर्जी एप्लीकेशन हुए विदड्रॉ, आयोग को हुई करोड़ों की बचत

लिंक 3 से 5 जनवरी तक रहेगा उपलब्ध: उन्होंने बताया कि आपत्तियां केवल एक बार ही ली जाएंगी. ऑनलाइन आपत्ति दर्ज करने का लिंक 3 से 5 जनवरी, 2026 तक रात 12 बजे तक ही उपलब्ध रहेगा. उसके बाद लिंक निष्क्रिय हो जाएगा. ऑनलाइन आपत्ति दर्ज करने में किसी प्रकार की तकनीकी कठिनाई होने पर अभ्यर्थी recruitmenthelpdesk@rajasthan.gov.in पर ईमेल से या फोन नंबर 9352323625 या 7340557555 पर संपर्क कर सकते हैं.

सहायक प्रोफेसर (चिकित्सा शिक्षा) भर्ती-2021 का परिणाम घोषित: आयोग की ओर से सहायक प्रोफेसर (चिकित्सा शिक्षा विभाग) भर्ती-2021 के तहत ब्रॉड स्पेशलिटी - आर्थोपेडिक्स एवं जनरल मेडिसिन के पदों पर भर्ती के लिए मुख्य सूची जारी की गई है. इस संबंध में विस्तृत सूचना आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध है. विज्ञापित इन पदों के लिए साक्षात्कार 22 से 30 दिसंबर, 2025 तक निर्धारित कार्यक्रमानुसार आयोजित किए गए थे. संबंधित सेवा नियमों के अनुसार साक्षात्कार उपरांत ब्रॉड स्पेशलिटी - आर्थोपेडिक्स के 29 एवं जनरल मेडिसिन के 32 अभ्यर्थियों को मुख्य सूची में सफल घोषित किया गया है.