ETV Bharat / state

जेल में मोबाइल का खेल, गैंगस्टर की पत्नी की जांच में हुआ खुलासा

रांची जेल से चाईबासा जेल में शिफ्ट करने के दौरान अपराधी रिया सिन्हा के पास मोबाइल और सिम कार्ड बरामद हुए हैं.

criminal Riya Sinha
रिया सिन्हा (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : June 28, 2026 at 1:02 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

रांची: झारखंड के जेलों में बड़े अपराधियों के पास मोबाइल फोन बेहद आसानी से उपलब्ध हो रहे हैं. इसका खुलासा कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की पत्नी रिया सिन्हा की वजह से हुआ है. रांची जेल से चाईबासा जेल शिफ्ट करने के दौरान जेल में हुई तलाशी में रिया सिन्हा के पास से मोबाइल, सिम कार्ड और चार्जर बरामद किया गया है.

क्या है पूरा मामला

कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की पत्नी और दर्जन भर मामलों में आरोपी रिया सिन्हा के पास से मोबाइल फोन बरामद किया गया है. दरअसल, रिया सिन्हा को रांची पुलिस ने गिरफ्तार किया था, जिसके बाद उसे जेल भेजा गया था. जेल प्रशासन के आदेश पर रिया सिन्हा को रांची जेल से चाईबासा जेल शिफ्ट करने का आदेश हुआ. कड़ी सुरक्षा के बीच रिया को चाईबासा जेल ले जाया गया. चाईबासा जेल के महिला बंदी कक्षा में रिया की चेकिंग की गई. इस दौरान रिया के कपड़ों से एक स्मार्टफोन के अलावा कुछ टूटे हुए सिम कार्ड, चार्जर और एडाप्टर बरामद किए गए.

सदर थाने में एफआईआर दर्ज

रिया के पास से बरामद मोबाइल उसके पास कहां से आया? इसकी तो जांच की जा रही है, लेकिन मोबाइल बरामदगी को लेकर चाईबासा के सदर थाने में एफआईआर भी दर्ज की गयी है. यह एफआईआर सदर थानेदार हीरालाल महतो के बयान पर दर्ज की गई है.

एफआईआर में लिखा गया है कि 24 जून को कुख्यात महिला अपराधकर्मी रिया सिन्हा को मंडल कारा चाईबासा में स्थानांतरित किया गया. रांची से एस्कॉर्ट टीम रिया सिन्हा को बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार से लेकर चाईबासा पहुंची थी. जेल में प्रवेश करने से पहले रिया की विधिवत तलाशी ली गई. डीएसपी स्तर की महिला पुलिस अधिकारी ने रिया की जांच शुरू की. तलाशी के क्रम में महिला कैदी रिया सिंह के पास से एक मोबाइल फोन, जिसमें दो सिम कार्ड लगे हुए थे, चार्जर और अडॉप्टर बरामद किया गया.

कौन है रिया सिन्हा

रिया सिन्हा झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की पत्नी है. रिया पहले भी जेल जा चुकी है. अक्टूबर 2025 महीने में रांची पुलिस ने प्रिंस खान गिरोह के कुछ अपराधियों की गिरफ्तारी की थी. गिरफ्तार अपराधियों ने बयान दिया था कि सुजीत सिन्हा और प्रिंस खान गिरोह एक साथ काम कर रहे हैं और दोनों गैंग्स के बीच की कड़ी रिया सिन्हा है. मामला सामने आने के बाद रिया सिन्हा को रांची पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा दिया.

सुजीत सिन्हा भी है जेल में

रिया सिन्हा का पति सुजीत सिन्हा एक कुख्यात अपराधी है. रिया भी अपने पति के साथ अपराध की दुनिया में बहुत पहले कदम रख चुकी थी. फिलहाल, सुजीत सिन्हा झारखंड के साहिबगंज जेल में बंद है. उस पर दर्जनों मामले दर्ज हैं.

यह भी पढ़ें:

गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की पत्नी का नया ठिकाना होगा चाईबासा जेल, पति पहले से ही है जेल में

क्राइम की दुनिया में महिलाओं का सिक्का, सबसे ज्यादा हथियार तस्करी में इस्तेमाल

कुख्यात डॉन सुजीत सिन्हा की पत्नी रिया सिन्हा कर रही सिविल सर्विस की तैयारी! नहीं पहुंची पुलिस के नोटिस का जवाब देने