बिहार में युवक पर अंधाधुंध फायरिंग, महिला को भी मारी गोली, अपराधी की दर्दनाक मौत
बिहार में बाइक सवार अपराधियों ने एक युवक पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी. इस दौरान एक महिला को भी गोली मारी गई. पढ़ें

Published : February 12, 2026 at 2:04 PM IST
समस्तीपुर: एक तरफ बिहार में बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर विपक्ष सरकार पर हमलावर है और नीतीश कुमार से जवाब मांगा जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ आपराधिक घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं. समस्तीपुर में अपराधियों ने एक युवक पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी. इस दौरान अपराधी ने एक महिला को भी गोली मार दी. वहीं मौके से भाग रहे एक बदमाश को भीड़ ने पकड़ लिया और पीट-पीटकर उसे मौत के घाट उतार दिया.
युवक को मारी चार गोली: शुक्रवार देर रात दो की संख्या में आए अपराधियों ने एक युवक के सीने-पीठ में एक के बाद एक चार गोलियां मारी. पूरी घटना दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के अनुमंडल रोड की है. जख्मी युवक की पहचान दलसिंहसराय गंज मोहल्ला के स्वर्गीय पवन पासवान के पुत्र पप्पू पासवान के रूप में हुई है.

भीड़ ने अपराधी को उतारा मौत के घाट: फायरिंग के बाद दोनों बदमाश मौके से भागने लगे. तभी आवाज सुनकर लोगों की भीड़ जमा हो गई और एक बदमाश को भीड़ ने पकड़ लिया और पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया.
घर जाने के दौरान बनाया निशाना: मृत बदमाश भी गंज मोहल्ला का ही सनी पासवान बताया जाता है. घटना के संबंध में बताया जाता है कि पप्पू बाइक से दलसिंहसराय बाजार से अनुमंडल रोड गंज मोहल्ला स्थित घर की ओर जा रहा था. इसी दौरान पीछे से एक बाइक पर सवार होकर आए बदमाशों ने उसे रोक लिया और उस पर गोली चला दी.
महिला को भी मारी गोली: पप्पू ने एक बदमाश को पकड़ लिया. यह देखकर बगल में मिल चलाने वाली महिला पप्पू को बचाने के लिए दौड़ी तो बदमाश ने उस पर भी गोली चला दी, जिससे गोली उसके बाएं हाथ में लग गई. जख्मी महिला दलसिंहसराय गंज मोहल्ले के रमेश पासवान की पत्नी रेखा देवी हैं. दोनों घायलों का उपचार निजी अस्पताल में कराया गया.
युवक पीएमसीएच रेफर: घटना के बाद एक अपराधी मौके से भागने में कामयाब हुआ, जबकि दूसरा भीड़ के हत्थे चढ़ गया. घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने बुरी तरह से जख्मी अपराधी को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. वहीं पप्पू की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टर ने उसे पीएमसीएच रेफर कर दिया है.
3 साल पहले भी हुई थी फायरिंग: लोगों ने बताया कि करीब 3 साल पहले भी पप्पू पासवान पर बदमाशों ने फायरिंग की थी. हालांकि उस घटना में भी वह बाल-बाल बच गया था. बताया जा रहा है कि मोहल्ले के ही सनी पासवान आदि से पप्पू का पुराना विवाद है.

पुलिस का बयान: घटना के संबंध में दलसिंहसराय डीएसपी विवेक शर्मा ने बताया कि पप्पू पासवान के अलावा बीच बचाव करने आई महिला को भी गोली लगी है. लोगों ने एक बदमाश को भी पकड़ लिया, जिसकी जमकर पिटाई की गई. इलाज के क्रम में अपराधी की मौत हो गई है.
"जख्मी पप्पू और महिला का उपचार चल रहा है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. घटना के पीछे पुरानी अदावत की बात सामने आ रही है. फरार हुए बदमाश की पहचान कर ली गई है, जिसकी गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की जा रही है."- विवेक शर्मा,दलसिंहसराय डीएसपी
ये भी पढ़ें
मधुबनी में युवक की गोली मारकर हत्या, आक्रोशित लोगों ने डीएसपी को बनाया बंधक
बिहार में फ्री फायर गेम खेलने से रोका तो पीट-पीटकर मार डाला
बिहार में गरजी ITBP जवान की बंदूक, चचेरे भाई को उतारा मौत के घाट

