मनरेगा बनाम जी राम जी योजना, बस्तर में कांग्रेस का प्रदर्शन, कल से पंचायतों में आंदोलन की तैयारी
दीपक बैज ने कहा कि हम अपना आंदोलन तबतक जारी रखेंगे जबतक केंद्र हमारी मांगें मान नहीं लेता.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : January 11, 2026 at 5:18 PM IST
बस्तर: पूरे छत्तीसगढ़ में आज कांग्रेस पार्टी ने मनरेगा बचाव संग्राम के तहत एक दिवसीय भूख हड़ताल किया. प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस पार्टी ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. बस्तर संभाग के जगदलपुर में कांग्रेस ने मीडिया से बातचीत के दौरान केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला. पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियां मजदूर विरोधी और गांव विरोधी है. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि हमारा प्रदर्शन तबतक जारी रहेगा जबतक केंद्र अपने कदम पीछे नहीं खीचता.
मनरेगा का नाम बदले जाने के खिलाफ उपवास और प्रदर्शन
पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि आज छत्तीसगढ़ के प्रत्येक जिले में मनरेगा बचाव संग्राम के तहत उपवास के तहत एक दिवसीय सांकेतिक धरना प्रदर्शन किया गया. जिसके तहत जगदलपुर मुख्यालय में शहरी और कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन किया. दीपक बैज ने कहा कि केंद्र में काबिज मोदी सरकार ने ग्रामीणों के अर्थव्यवस्था को मजबूत करने वाली गारन्टी मनरेगा के नाम का बदलाव किया. साथ ही इस योजना को समाप्त कर दिया. जिससे करोड़ों मजदूरों को काम नहीं मिलेगा. अन्य राज्यो में पलायन करने को मजबूर होंगे.
हम इस लड़ाई को आगे भी जारी रखेंगे. ये लड़ाई तबतक चलेगी जबतक केंद्र सरकार अपना फैसला वापस नहीं लेती. केंद्र की बीजेपी सरकार किसान और मजदूर विरोधी है. कांग्रेस मनरेगा का नाम और नियमों में बदलाव के खिलाफ है. हम चाहते हैं कि मजदूरों और किसानों के साथ न्याय हो. अगर केंद्र सरकार अपनी बात पड़ अड़ी रही तो हम इस लड़ाई को गांव गांव तक लेकर जाएंगे: दीपक बैज, पीसीसी चीफ
केंद्र की नीतियों की आलोचना की
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के बीच तय किये गए 60 और 40 का फार्मूला बिल्कुल गलत है. बैज ने कहा, छत्तीसगढ़ सरकार के पास ग्रामीण विकास के लिए राशि पर्याप्त नहीं है. मनरेगा के माध्यम से मजदूर अपने अधिकार से काम मांगा करते थे, और सरकार उन्हें काम देती थी. जानबूझकर कर मोदी सरकार ने इस योजना को बंद किया है. जिससे रोजी रोटी का संकट पैदा होगा. जिसको लेकर आल इंडिया कांग्रेस कमेटी ने पूरे देश मे एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया है. साथ ही मोदी सरकार से मांग है कि इस योजना को दुबारा लागू करे. वहीं 12 जनवरी से प्रत्येक ग्राम पंचायत में जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा.

