MNNIT प्रयागराज में सुरक्षा गार्ड की मौत, 20 दिन बाद FIR; नौकरी से निकालने का लगाया था आरोप
इंस्पेक्टर नवाबगंज राघवेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक की पत्नी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया है. मामले की जांच की जा रही है.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 8, 2026 at 10:31 AM IST
प्रयागराज: नवाबगंज थाना क्षेत्र के रहने वाले सुरक्षा गार्ड की मौत के मामले में नया अपडेट सामने आया है. मृतक की पत्नी की तहरीर पर मोती लाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (MNNIT) से जुड़े मुख्य सुरक्षा अधिकारी समेत 5 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
इंस्पेक्टर नवाबगंज राघवेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक की पत्नी की तहरीर के आधार पर MNNIT के मुख्य सुरक्षा अधिकारी एमपी सिंह मलिक, कर्नल देवेंद्र प्रताप सिंह, डीएसजीएस मिश्रा, एरिया मैनेजर जय सिंह और अतर सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. घटनास्थल से जुड़े सभी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं.
लाइव खाया जहरीला पदार्थ: नवाबगंज के कस्तूरीपुर गांव निवासी विपिन शुक्ला ने 17 दिसंबर 2025 को जहरीला पदार्थ खा लिया था. हालत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया. वहां अगले दिन मौत हो गई. इसके बाद मृतक की पत्नी अंजलि अपने परिजनों के साथ थाने पहुंची और पुलिस को तहरीर दिया.
मोबाइल में मिला वीडियो: अंजली के मुताबिक, विपिन का मोबाइल फोन और लैपटॉप पैटर्न लॉक था. 25 दिसंबर को मोबाइल खुलने पर उसमें एक वीडियो मिला, जिसमें विपिन खुद को प्रताड़ित किए जाने की बात कह रहे थे.
वीडियो में उन्होंने बताया था कि वह करीब 12 वर्षों तक MNNIT से जुड़ी सिक्योरिटी सॉल्यूशन सर्विस में सुरक्षा गार्ड के रूप में काम कर रहे थे. बीते छह महीनों से कुछ लोग मिलकर उन्हें मानसिक रूप से परेशान कर रहे थे.
नौकरी से निकालने और पैसे मांगने का अरोप: सुरक्षा गार्ड के मोबाइल में मिले वीडियो में आरोप है कि नौकरी से निकालने के बाद दोबारा बहाली के लिए उनसे पैसों की मांग की गई. वीडियो में विपिन ने यह भी कहा कि बहन की शादी में पांच से छह लाख रुपए कर्ज हो गया था.
नौकरी जाने के बाद कर्ज चुकाना मुश्किल हो गया और लेनदार घर आने लगे. जहर निगलने से पहले उन्होंने एक बार फिर कथित रूप से जिम्मेदार लोगों के नाम लिए थे. हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है.

