अबूझमाड़ के गांवों में पहली बार पहुंचे विक्रम मंडावी, विधायक ने सरकार की दावों की खोली पोल
कांग्रेस विधायक विक्रम मंडावी ने अबूझमाड़ से नेशनल पार्क तक के गांवों का दौरा किया.विधायक ऐसे गांवों तक पहुंचे जहां कोई जनप्रतिनिधि नहीं पहुंचा था.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : February 19, 2026 at 6:46 PM IST
बीजापुर : नक्सल प्रभावित इलाकों में कांग्रेस विधायक विक्रम मंडावी लगातार दौरा कर रहे हैं.कांग्रेस विधायक का ग्रामीण इलाकों में दौरा राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है. लोगों का कहना है कि जिस बीजापुर में बीजेपी सरकार नक्सलवाद के खात्मे और विकास के दावे कर रही है,उन इलाकों में कांग्रेस विधायक की मौजूदगी ने बीजेपी के दावों की पोल खोल दी है.
नक्सल प्रभावित इलाकों में आज तक नहीं पहुंचे बीजेपी विधायक
आपको बता दें कि दो वर्षों से प्रदेश में काबिज बीजेपी सरकार ने सड़कों, सुरक्षा कैंप और मूलभूत सुविधाओं के विस्तार की बात कही है.लेकिन हकीकत ये है कि जिन दुर्गम इलाकों में सरकार के विकास कार्य चल रहे हैं, वहां बीजेपी का एक भी कार्यकर्ता या बड़ा नेता आज तक नहीं पहुंच सका. इसके उलट विधायक विक्रम मंडावी प्रतिदिन नक्सल प्रभावित गांवों में पहुंचकर सीधे जनता से संवाद कर रहे हैं.

समस्याओं को लेकर कर रहे संवाद
आपको बता दें कि विधायक उन इलाकों का दौरा कर रहे हैं, जहां कभी प्रवेश करने से पहले नक्सलियों से अनुमति लेनी पड़ती थी. कांग्रेस विधायक चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याएं सुन रहे हैं और उनके समाधान के लिए सरकार से सीधे संवाद भी कर रहे हैं. हाल के दिनों में वे अबूझमाड़ और इंद्रावती नेशनल पार्क के उन इलाकों का दौरा कर लौटे हैं, जिन्हें कभी नक्सलियों का सबसे सुरक्षित ठिकाना और ट्रेनिंग कैंप माना जाता था.

लोगों की समस्याओं को सुन रहे हैं विधायक
एक सप्ताह पहले विधायक विक्रम मंडावी ने भोपालपट्नम से होते हुए नेशनल पार्क पहुंचकर आधा दर्जन से ज्यादा गांवों का दौरा किया. इसके बाद वे बीजापुर-दंतेवाड़ा सीमा पर स्थित दुमिरपालनार गांव भी पहुंचे, जहां उन्होंने लंबे समय से लोगों के लिए मुसीबत बने लाल पानी की समस्या के बारे में जानकारी ली.

बीजापुर की जनता ने मुझ पर दो बार भरोसा जताया है. मैं 24 घंटे उनकी सेवा के लिए समर्पित हूं. जिले के अंतिम गांव तक पहुंचकर लोगों की समस्याओं के लिए लड़ना मेरी जिम्मेदारी है और मैं इससे पीछे नहीं हटूंगा- विक्रम मंडावी, विधायक
एसपी ने दौरे की नहीं दी थी अनुमति
गौरतलब है कि नेशनल पार्क दौरे से पहले बीजापुर एसपी ने नक्सली गतिविधियों का हवाला देकर विधायक को अनुमति नहीं दी थी, जिसे कांग्रेस ने बड़ा मुद्दा बनाया. कांग्रेस नेताओं का कहना था कि यदि नक्सलवाद खत्म होने की कगार पर है, तो फिर जनप्रतिनिधियों को दौरे से क्यों रोका जा रहा है. बाद में विधायक ने दौरा पूरा कर लौटते हुए सरकार और प्रशासन के दावों पर सवाल भी खड़े कर दिए.

नक्सल प्रभावित बीजापुर में विधायक के ये दौरे अब केवल जनसंपर्क नहीं, बल्कि सत्ता और विपक्ष के बीच सियासी मुकाबले का बड़ा संकेत बनते जा रहे हैं.बीजापुर में अब यह आम चर्चा है कि अपने ही सरकार के विकास कार्यों के बावजूद बीजेपी के नेता उन इलाकों में नहीं पहुंच पा रहे, जहां विधायक विक्रम मंडावी बेधड़क जाकर जनता के बीच खड़े हुए हैं. लोगों का आरोप है कि बीजेपी के जनप्रतिनिधि ठेकेदारी और बंद कमरों की राजनीति में उलझे हैं, जिससे आम जनता के छोटे-छोटे काम भी अटक रहे हैं.
सरकारी स्कूल में असामाजिक तत्वों का आतंक, कुर्सी टेबल में लगाई आग, संपत्ति को पहुंचाया नुकसान
दुर्ग में धर्म परिवर्तन के लिए मां पर दबाव बनाने का आरोप, आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग में फर्जी मृत्यु का दावा कर शख्स ने बैंक से निकाले 1 करोड़ 19 लाख

