सदन में नैनो यूरिया के मुद्दे पर छिड़ी बहस! MLA सुधीर शर्मा और मंत्री चंद्र कुमार के बीच चले व्यंग के बाण
हिमाचल विधानसभा मानसून सत्र के दौरान सदन में नैनो यूरिया के मुद्दे पर सत्ता विपक्ष के बीच छिड़ी बहस.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : September 1, 2026 at 4:50 PM IST
शिमला: हिमाचल प्रदेश विधानसभा के आठवें दिन सदन में नैनो यूरिया के मुद्दे पर सदन में तीखी बहस छिड़ गई. इस दौरान भाजपा विधायक सुधीर शर्मा और कृषि मंत्री चौधरी चंद्र कुमार के बीच तंज भरी नोक-झोंक देखने को मिली. कांग्रेस विधायक भवानी सिंह पठानिया की ओर से सदन में किसानों को नैनो यूरिया की जबरन खरीद के मुद्दे पर नियम 62 के तहत ध्यान आकर्षण प्रस्ताव लाया गया था. चर्चा के दौरान सदन में प्रधानमंत्री मोदी और जेपी नड्डा का जिक्र हुआ और चर्चा पक्ष-विपक्ष के बीच वार-पलटवार में बदल गई.
दरअसल, शून्य काल के बाद कांग्रेस विधायक भवानी सिंह पठानिया ने नियम 62 के तहत नैनो यूरिया की खरीद को लेकर ध्यान आकर्षण प्रस्ताव पेश किया था. भवानी सिंह पठानिया की ओर से कहा गया कि प्रदेश में किसानों पर नैनो यूरिया प्लस की खरीद के लिए फोर्स किया जा रहा है. भवानी सिंह ने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा का जिक्र करते हुए व्यंग्य किया. उन्होंने कहा कि जेपी नड्डा के मंत्री बनने से प्रदेश के किसानों को राम राज्य की उम्मीद थी, लेकिन इससे उलट किसानों को नैनो यूरिया खरीदने के लिए फोर्स किया जा रहा है.
कृषि मंत्री ने किया स्पष्ट, किसानों पर कोई जोर नहीं
बाद में कृषि मंत्री ने जवाब देते हुए स्पष्ट किया कि केंद्र सरकार की ओर से नैनो यूरिया की खरीद को लेकर कोई गाइडलाइन नोटिफिकेशन जारी नहीं हुई है. कृषि मंत्री ने बताया कि इफ्को की ओर से एक पत्र जारी करके स्पष्ट कर दिया गया है कि किसान नैनो यूरिया खरीदने या न खरीदने के लिए पूरी तरह मुक्त हैं. हालांकि, कृषि मंत्री ने कहा कि पीएम मोदी रेडियो-टीवी पर नैनो यूरिया का एडवर्टाइजमेंट कर रहे हैं.
पीएम मोदी का हुआ जिक्र, SIT जांच के बहाने कसा तंज
इस दौरान भाजपा विधायक सुधीर शर्मा ने नैनो यूरिया के मुद्दे पर सरकार को निशाने पर लिया. सुधीर शर्मा ने व्यंग्य करते हुए कहा, "सरकार को इस मुद्दे पर भी SIT गठित कर लेनी चाहिए, वैसे भी SIT गठित करने में सरकार की निपुणता है".
सुधीर शर्मा ने भवानी सिंह के जेपी नड्डा को लेकर दिए गए बयान पर तंज करते हुए कहा, "दिवाली पर जिन लोगों ने दिए नहीं जलाए, उनको लगा होगा कि राम नहीं रावण आया हो". सुधीर शर्मा ने नैनो यूरिया एडवर्टाइजमेंट के मुद्दे पर कहा पीएम मोदी तो दूर, किसी देश के प्रधानमंत्री एडवर्टाइजमेंट नहीं करते. पीएम मोदी बस लोगों को जागरूग कर रहे हैं.
चौधरी चंद्र कुमार ने किया पलटवार
विधायक सुधीर शर्मा के बयान पर कृषि मंत्री चौधरी चंद्र कुमार ने पलटवार किया. चौधरी चंद्र कुमार ने कहा कि सुधीर शर्मा रेडियो नहीं सुनते हैं और केवल फोन पर रहते हैं. उन्होंने कहा कि रेडियो पर देश के प्रधानमंत्री नैनो यूरिया का खूब प्रमोशन करते हैं. चंद्र कुमार ने सुधीर शर्मा को सलाह देते हुए कहा कि उन्हें भी रेडियो सुनना चाहिए.
ये भी पढ़ें: 'भांग उगाओ, लॉटरी खेलो और पैसे कमाओ लेकिन सरकार से नौकरी मत मांगो', सदन में विपक्ष ने सुक्खू सरकार को घेरा

