ETV Bharat / state

रायबरेली में विधायक ने सड़क हादसे में मृतक के परिजनों को दिलाया लाभ, पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे नगीना सांसद

सलोन तहसील के ग्राम खम्हरिया पूरे कुशल निवासी मेवालाल की इलाज के दौरान हो गई थी मौत.

स्थानीय विधायक ने परिजनों से की मुलाकात
स्थानीय विधायक ने परिजनों से की मुलाकात (Photo credit: ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : July 7, 2026 at 5:10 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

रायबरेली : जिले के सलोन विधानसभा क्षेत्र के ग्राम खमरिया में बीते दिनों हुई दलित युवक की मौत के मामले में सियासी पारा बढ़ गया है. मामले में मंगलवार को स्थानीय विधायक अशोक कोरी पीड़ित परिवार से मिले और उनको सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया है. वहीं इस दौरान नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद भी रायबरेली पहुंचे.

विधायक अशोक कोरी ने दी जानकारी. (Video credit: ETV Bharat)

भाजपा विधायक अशोक कोरी ने बताया कि मृतक की मां को शासन ने योजनाओं के अंतर्गत सहायता उपलब्ध कराई है. जिसमें 0.013 हेक्टेयर आवासीय पट्टा तथा 0.312 हेक्टेयर कृषि पट्टा प्रदान किया गया. साथ ही मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के अंतर्गत परिवार के दो बच्चों की शिक्षा के लिये 2500-2500 रुपये प्रतिमाह की सहायता के स्वीकृति प्रमाण पत्र दिए गए.

उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त निराश्रित महिला पेंशन योजना के अंतर्गत मृतक की पत्नी राजरानी को एक हजार रुपये प्रतिमाह पेंशन का स्वीकृति प्रमाण पत्र प्रदान किया गया. राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना के अंतर्गत 30 हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई गई. वहीं, मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के अंतर्गत 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने की कार्यवाही प्रचलित है, जिसे शीघ्र पूर्ण कराया जाएगा.

विधायक राकेश कुमार ने कहा कि संज्ञान में आया है कि मामले में 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था. उन्होंने कहा कि यह बात भी सही है कि कुछ आसामाजिक तत्व हैं, जिन्होंने परिवारजनों को उकसाया. यह लोग परिवार की सहायता तो नहीं कर सकते लेकिन अपनी गंदी राजनीति करके गांव के भोले भाले लोगों और परिवार के लोगों को भड़काया. पुलिस पर पथराव किया.

नगीना सांसद चद्रशेखर आजाद ने मीडिया से की बातचीत (Video credit: ETV Bharat)

उन्होंने कहा कि जनमानस के लिए भी खतरा पैदा किया. लेकिन, हमने बात की है. इस दुख की घड़ी में देखते हुए जो भी सही कार्रवाई होगी वह होगी. किसी पर फर्जी मुकदमा या कार्रवाई नहीं की जाएगी. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र है, कोई भी व्यक्ति आ-जा सकता है. बात कर सकता है. यदि वह इस परिवार के प्रति दुख संवेदन व्यक्त करने आ रहा है तो उनका सम्मान है, लेकिन यहां राजनीति करने आ रहे हैं तो वह नहीं होनी चाहिए. उनके आने से पहले सरकार ने इस परिवार की हर प्रकार से सहायता कर दी है.

वहीं दूसरी ओर परिवार के पास पहुंचने से पहले नगीना सांसद चद्रशेखर आजाद ने मीडिया से बात की. उन्होंने कहा कि उनके पहुंचने से पहले प्रशासन ने उनकी बात मान ली. उन्होंने कहा कि वह अधिकारियों से मिलकर लिखित आश्वासन लेंगे, जुबानी बात स्वीकार्य नहीं है. इस दौरान उन्होंने चढ़ावा चोरी को लेकर भी साफ कहा कि उन्हें एसआईटी पर भरोसा नहीं है. 2027 चुनाव में किसी पार्टी से गठबंधन के सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा छोड़ किसी से भी हो सकता है.

अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावा मामले पर उन्होंने मामले की जांच सीबीआई और उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश की निगरानी में कराने की मांग की. उन्होंने कहा कि यह सिर्फ चोरी नहीं, बल्कि आस्था के साथ डकैती है. उन्होंने एसआईटी जांच पर भरोसा न जताते हुए निष्पक्ष सीबीआई जांच की मांग की. साथ ही भाजपा पर चुनावी राजनीति का आरोप लगाया और कहा कि उनकी पार्टी 2027 के चुनाव के लिए तैयार है.






जानिये क्या था पूरा मामला? : बता दें कि सलोन तहसील के ग्राम खम्हरिया पूरे कुशल निवासी मेवालाल सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गये थे. इसके बाद उनकी केजीएमयू, लखनऊ में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई थी. इस घटना के बाद परिजनों ने शव को हाईवे पर रखकर जाम लगा दिया था और आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की थी. इसके बाद पुलिस प्रशासन जाम हटाने और लोगों को समझाने के लिए मौके पर आया, लेकिन इस बीच लोगों ने पथराव शुरू कर दिया. इसके बाद पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए पांच नामजद और करीब 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था.

यह भी पढ़ें : आगरा में दलित की बारात निकालने को लेकर बवाल. गांव में तनातनी का माहौल, पुलिस ने संभाला मोर्चा

यह भी पढ़ें : रायबरेली: सलोन विधायक अशोक कोरी का छलका दर्द, बिजली विभाग के अफसर को जमकर लताड़ा