बारिश में खुली करोड़ों की राशि से बन रही सड़क की गुणवत्ता की पोल, जगह-जगह जलजमाव, गढ़वा विधायक ने उठाए सवाल
गढ़वा में दो दिनों की बारिश ने करोड़ों की लागत से बन रही सड़क की गुणवत्ता की पोल खोल दी है.

Published : September 2, 2026 at 4:00 PM IST
गढ़वा: जिला मुख्यालय में लगभग ढाई सौ करोड़ की लागत से बन रही सड़क की गुणवत्ता की कलई दो दिनों की बारिश में खुल गई है. लगातार बारिश के कारण पूरे शहर में जलजमाव हो गया है. पिछले दो दिनों की बारिश के कारण शहर के कई जगहों पर भारी नुकसान पहुंचा है. वहीं जलजमाव के बाद गढ़वा विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी ने शहर का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने सड़क निर्माण में अनियमितता और भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है.
सड़क निर्माण में अनियमितता का आरोप
विधायक ने कहा कि उन्होंने ढाई माह पहले ही बताया था कि सड़क निर्माण में अनियमितता बरती जा रही है. जिला अनुश्रवन समिति की बैठक में भी इस बात को उठाया था. इस पर कमेटी बनने की बात हुई थी, लेकिन कमेटी नहीं बनी. नतीजा आज सब के सामने है. दो दिनों की बारिश में सड़क की गुणवत्ता की पोल खुल गई है. बरसात में इस सड़क की वजह से लोगों के घरों में पानी घुस रहा है.
नगर परिषद की व्यवस्था की खुली पोल
इधर, गढ़वा नगर परिषद के कई इलाकों में जलजमाव ने नगर परिषद की व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी. क्षेत्र में जगह-जगह पानी भर गया है. पानी की निकासी नहीं होने के कारण लोगों को परेशानी हो रही है. हालांकि नगर परिषद के द्वारा जेसीबी के माध्यम से जाम नालियों को खोला जा रहा है, ताकि पानी की निकासी हो सके.

इस संबंध में नगर परिषद अध्यक्ष दौलत सोनी ने कहा कि बारिश के दिनों में जगह-जगह जल जमाव हो जाता है. हमलोग समस्या के समाधान में जुटे हुए हैं. वहीं सड़क निर्माण कंपनी के खिलाफ उन्होंने कहा कि यदि काम बढ़िया होता तो आज शहर का ये हाल नहीं होता.

ये भी पढ़ें-
पलामू में सोन नदी खतरे के निशान से ऊपर, तटवर्ती क्षेत्रों में रखी जा रही है निगरानी
रांची में लगातार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, निचले इलाकों में घुसा पानी

