विधायक सरयू राय ने एमजीएम अस्पताल में जलसंकट का मामला उठाया, मंत्री इरफान अंसारी ने दिया ये जवाब
झारखंड बजट सत्र में विधायक सरयू राय ने एमजीएम अस्पताल में पानी की व्यवस्था नहीं होने का मुद्दा सदन में उठाया.

Published : February 20, 2026 at 6:18 PM IST
रांचीः जमशेदपुर में नवनिर्मित एमजीएम अस्पताल भवन में पानी का पुख्ता इंतजाम नहीं होने से मरीजों को हो रही कठिनाई के साथ-साथ ऑपरेशन टलने के सवाल पर विधायक सरयू राय और विभागीय मंत्री इरफान अंसारी के बीच सवाल और जवाब का लंबा सिलसिला चला. प्रश्नकाल के दौरान एक मौका ऐसा भी आया जब मंत्री ने यहां तक कह दिया कि "उस समय हम मंत्री नहीं थे". इसपर जमशेदपुर की भाजपा विधायक पूर्णिया साहू ने भी अस्पताल की बदइंतजामी का सवाल उठाकर विभाग को घेरा.
वाटर टैंकर के भरोसे कैसे होगा अस्पताल का संचालन
जदयू विधायक सरयू राय ने पूछा कि 5 अक्टूबर 2024 को विधानसभा चुनाव से ठीक पहले मुख्यमंत्री ने नए भवन में ओपीडी सेवा का उद्घाटन किया था लेकिन आजतक वहां पानी की मुकम्मल व्यवस्था नहीं हुई. उन्होंने आरोप लगाया कि उद्घाटन के दिन भी पानी की व्यवस्था नहीं थी. आलम यह है कि एमजीएम में पानी के अभाव में ऑपरेशन टल रहे हैं. अब सवाल है कि ऐसे में अस्पताल का संचालन कैसे होगा. क्यों बिना पूरी तैयारी के अस्पताल को शिफ्ट किया गया.
छह माह के भीतर हो जाएगा पानी का पुख्ता इंतजाम
इसके जवाब में मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि उद्घाटन के समय निर्माण कंपनी और जेएसबीसीसीएल ने अस्थायी रुप से बोरिंग कर अस्पताल संचालन के लिए जलापूर्ति कराई थी लेकिन फरवही माह में ही जलस्तर नीचे जाने से मानगो नगर निगम द्वारा टैंकर से जलापूर्ति की जा रही है. उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में वाटर ट्रिटमेंट प्लांट के लिए 10.69 करोड़ के विरुद्ध 4.27 करोड़ और 4.41 करोड़ की दो किस्त मानगो नगर निगम को हस्तांतरित करा दी गई है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि 6 माह के भीतर एमजीएम को पर्याप्त पानी मिलने लगेगा. जरूरत पड़ेगी तो टाटा कंपनी से भी बात की जाएगी. उन्होंने कहा कि पूर्व में क्या हुआ, इसके लिए वे जिम्मेवार नहीं हैं.
इसी दौरान जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि एमजीएम अस्पताल के प्रसव वार्ड की हालत बेहद खराब है. महिलाओं को बेड तक नहीं मिल पाता है. मंत्री को एक बार खुद जाकर देखना चाहिए. इसपर मंत्री इरफान ने कहा कि आप सदन को गुमराह ना करें. ऐसी कोई कमी वहां नहीं है. अगर कोई गड़बड़ी होगी तो कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें-
वित्त मंत्री ने पेश किया 6450 करोड़ का तृतीय अनुपूरक बजट, ग्रामीण सड़कों से सामाजिक सुरक्षा तक फोकस

