ETV Bharat / state

दिल्ली पुलिस को रोकने पर भड़की भाजपा, बोली- 'हिमाचल में कानून नहीं, गुंडाराज'

दिल्ली पुलिस को ही हिरासत में लेना ‘व्यवस्था परिवर्तन’ नहीं, कानून व्यवस्था की विफलता: राकेश जम्वाल

बीजेपी विधायक राकेश जम्वाल
बीजेपी विधायक राकेश जम्वाल (FILE)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : February 25, 2026 at 7:51 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

शिमला: एआई समिट में हुए प्रदर्शन प्रकरण में दिल्ली पुलिस द्वारा रोहड़ू के तीन युवा कांग्रेस पदाधिकारियों की गिरफ्तारी के बाद हिमाचल पुलिस द्वारा रोकने पर भाजपा भड़क गई है और कांग्रेस सरकार पर देश के अपमान करने वालो को संरक्षण देने के आरोप लगाए.

भाजपा प्रदेश मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक राकेश जम्वाल ने दिल्ली पुलिस को रोकने को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि यह अभूतपूर्व स्थिति है कि देश की गरिमा को ठेस पहुंचाने के आरोपियों को पकड़ने आई दिल्ली पुलिस के जवानों को ही हिमाचल पुलिस ने हिरासत में ले लिया.

राकेश जम्वाल ने कहा, 'हिमाचल के इतिहास में यह पहली बार हुआ है. जब एक राज्य की पुलिस ने दूसरे राज्य की पुलिस की वैधानिक कार्रवाई में इस प्रकार हस्तक्षेप किया हो. इसे 'व्यवस्था परिवर्तन' बताना प्रदेश की जनता के साथ मजाक है. यह स्पष्ट संकेत है कि प्रदेश में कानून का राज नहीं, बल्कि “गुंडाराज” चल रहा है, जहां कांग्रेस से जुड़े लोगों को खुला संरक्षण दिया जा रहा है'.

उन्होंने आरोप लगाया कि एआई समिट जैसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश की छवि धूमिल करने वाले युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बचाने के लिए प्रदेश की कांग्रेस सरकार सक्रिय भूमिका निभा रही है. इससे बड़ा प्रमाण और क्या हो सकता है कि देश के सम्मान के विरुद्ध आचरण करने वालों को संरक्षण दिया जा रहा है और उन्हें कानूनी कार्रवाई से बचाने की कोशिश की जा रही है.

भाजपा मुख्य प्रवक्ता ने कहा, 'कांग्रेस पार्टी का चरित्र अब पूरी तरह उजागर हो चुका है. एक ओर वह राष्ट्रवाद और संविधान की बातें करती है, दूसरी ओर देश के अपमान में शामिल तत्वों को संरक्षण देती है. यह अत्यंत गंभीर विषय है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए कि किसके आदेश पर और किस दबाव में यह कार्रवाई की गई'.

राकेश जम्वाल ने कहा, 'हिमाचल प्रदेश की जनता सब देख रही है और आने वाले समय में कांग्रेस सरकार को इसका जवाब देना होगा. भाजपा कानून के शासन, राष्ट्रीय सम्मान और संवैधानिक व्यवस्था की रक्षा के लिए हर स्तर पर आवाज उठाती रहेगी'.

ये भी पढ़ें: हिमाचल सदन में बिना वारंट पुलिस की एंट्री? कुलदीप राठौर ने उठाए गंभीर सवाल