ETV Bharat / state

लोजपा (रामविलास) में फेरबदल: बिरेंद्र प्रधान बने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, विधायक जनार्दन पासवान को मिली प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी

विधायक जनार्दन पासवान को झारखंड में लोजपा(रामविलास) पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है. रिपोर्ट- भुवन किशोर झा.

LJP Ram Vilas party
बिरेंद्र प्रधान बने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : August 27, 2026 at 4:57 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

रांची: लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) में महत्वपूर्ण फेरबदल किया गया है. झारखंड प्रदेश लोजपा अध्यक्ष बिरेन्द्र प्रधान को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि झारखंड प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी विधायक जनार्दन पासवान को सौंपी गई है.

पार्टी के केन्द्रीय नेतृत्व के इस फैसले का स्वागत करते हुए नवमनोनीत राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बिरेन्द्र प्रधान ने राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केन्द्रीय मंत्री चिराग पासवान के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, उसे वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाएंगे. पद और जिम्मेदारियां बदल सकती हैं, लेकिन पार्टी की विचारधारा, संगठन के प्रति निष्ठा और कार्यकर्ताओं के साथ उनका संबंध सदैव कायम रहेगा.

लोजपा (रामविलास) में फेरबदल (Etv Bharat)

बिरेन्द्र प्रधान ने बताया कि झारखंड में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने युवाओं, महिलाओं और नए कार्यकर्ताओं को संगठन में आगे बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया. इसके फलस्वरूप पार्टी की दो राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठकें यहां आयोजित हुईं और पिछले चुनाव में एक विधायक भी निर्वाचित हुए.

राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के रूप में भी वे संगठन के विस्तार और नई पीढ़ी को पार्टी से जोड़ने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे. उन्होंने स्वर्गीय रामविलास पासवान को स्मरण करते हुए कहा कि उनका उन पर इतना भरोसा था कि उन्हें राष्ट्रीय सचिव बनाया गया और उसके बाद प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई.

जनार्दन पासवान बने लोजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष

लोजपा (रामविलास) के नए प्रदेश अध्यक्ष विधायक जनार्दन पासवान बनाए गए हैं. जनार्दन पासवान झारखंड में पार्टी के एकमात्र विधायक हैं, जिन्होंने पिछले चुनाव में चतरा सीट से जीत दर्ज की थी. नवमनोनीत राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बिरेन्द्र प्रधान ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया.

उन्होंने कहा कि जनार्दन पासवान अनुभवी और जाने-माने राजनीतिक चेहरा हैं, जो पार्टी को मजबूत करने का काम करेंगे. उनकी उम्मीद है कि पार्टी आने वाले समय में और भी मजबूत होगी तथा उनका सपना है कि हर हाल में राज्य में डबल डिजिट में पार्टी के जनप्रतिनिधि हों.

छात्रों की मांग सही, सीबीआई से जांच कराए सरकार: बिरेन्द्र प्रधान

जेपीएससी-जेएसएससी छात्रों द्वारा चल रहे आंदोलन के बाद सरकार के निर्णय पर आपत्ति जताते हुए बिरेन्द्र प्रधान ने कहा कि इसका कोई लाभ छात्रों को नहीं मिलेगा. छात्र लगातार सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं, जिसे सरकार को मानना चाहिए. सरकार के इस फैसले से लोग न्यायालय एवं अन्य माध्यमों से एक बार फिर बहाल हो जाएंगे और जो भ्रष्टाचारी हैं, उन पर कार्रवाई नहीं हो सकेगी.

नेपाल में हुए जल महाप्रलय को बड़ा हादसा बताते हुए बिरेन्द्र प्रधान ने कहा कि पार्टी प्रभावित लोगों के साथ है. प्रधानमंत्री ने भी राहत कार्य अपने देश की ओर से शुरू किए हैं. लोजपा भी इस हादसे को लेकर चिंतित है और राहत कार्य में सहयोग करने के लिए तैयार है. राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने भी इसके प्रति चिंता जताई है और पीड़ित परिवारों के साथ सहयोग तथा राहत कार्य के लिए तैयारी की जा रही है.

यह भी पढ़ें:

झारखंड लोजपा (रामविलास) प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में लिए गए कई अहम निर्णय, प्रदेश अध्यक्ष को राज्यसभा या बिहार विधान परिषद सदस्य बनाने की मांग

बिहार में राज्यसभा की पांचों सीट जीतेगी NDA, मेरी मां राजनीति में नहीं रखेंगी कदम, झारखंड पहुंचे चिराग पासवान की दो टूक

ईटीवी भारत से खास बातचीत में बोले लोजपा सांसद, आज की तारीख में अगर कोई बेचारा है तो वो हैं लालू यादव और तेजस्वी यादव