पुराने तेवर में नजर आये विधायक जयराम महतो, लंबित छात्रवृत्ति पर कल्याण मंत्री को दे दी ये नसीहत
लंबित छात्रवृत्ति को लेकर विधायक जयराम महतो राज्य सरकार पर जमकर बरसे. इस दौरान वह अपने पुराने तेवर में नजर आए.

Published : February 26, 2026 at 8:47 PM IST
रिपोर्टः उपेंद्र कुमार
रांची: जेएलकेएम सुप्रीमो और डुमरी विधायक जयराम महतो ने गुरुवार को सदन के अंदर अनुसूचित जाति, जनजाति, ओबीसी और अल्पसंख्यक समुदाय के छात्रों की लंबित छात्रवृत्ति के मुद्दे को पुरजोर ढंग से उठाया. इस दौरान उनके तेवर काफी तल्ख दिखे. सदन से बाहर निकलने के बाद जयराम महतो ने मीडिया से बातचीत में लंबित छात्रवृत्ति मामले को लेकर सरकार और विभागीय मंत्री पर जमकर बरसे.
विधायक जयराम महतो ने कहा कि छात्रों को कल्याण छात्रवृत्ति योजना के तहत मिलने वाली छात्रवृत्ति की राशि लंबित है और सरकार में मंत्री अपनी समस्याएं गिना रहे हैं. राज्य की हेमंत सरकार पर ओबीसी विरोधी होने का आरोप लगाते हुए जयराम महतो ने कहा कि जब सरकार के पास पैसे ही नहीं हैं तो मंईयां सम्मान योजना के लिए पैसे कहां से आ रहे हैं. राज्य के एससी,एसटी और ओबीसी कल्याण मंत्री चमरा लिंडा पर बरसते हुए जयराम महतो ने कहा कि वर्तमान सरकार में ओबीसी छात्रों के हित करने के लिए जरूरी इच्छाशक्ति का अभाव है.
मंत्री चमरा लिंडा को दे दी ये नसीहत
सदन में दिए गए विभागीय मंत्री के जवाब पर डुमरी विधायक जयराम महतो ने नाराजगी जताते हुए कहा कि आप हर बार सिस्टम की दुहाई देते हैं, जबकि आप खुद सिस्टम में हैं. उन्होंने कहा कि अगर आपसे नहीं हो रहा है तो आप मंत्री क्यों बने हुए हैं, जाकर चना बेचिये और बकरी चराइए. क्योंकि राज्य में ओबीसी, एससी, एसटी और अल्पसंख्यक छात्रों का भविष्य अंधकार में है.
"पैसा नहीं है तो बंद कर दीजिए विधायक फंड"
विधायक जयराम महतो ने कहा कि अगर सरकार के पास पैसे नहीं हैं और बार-बार वह केंद्र से पैसे नहीं मिलने की बात कहते हैं तो कल्याण मंत्री को यह बताना चाहिए कि उनकी योजना क्या है. अगर सरकार के पास पैसे नहीं है तो वह विधायक को हर वर्ष मिलने वाले 05 करोड़ की राशि रोक दें,81 विधायक हैं तो 405 करोड़ छात्रवृत्ति के लिए उपलब्ध हो जाएगा. यह भी कम पड़े तो उनका सरकारी बंगला भी नीलाम कर दीजिए. उन्होंने कहा कि अफसोस है कि राज्य सरकार के पास ओबीसी छात्रों के लिए कोई रोडमैप नहीं है. वह चाहती है कि बच्चे पढ़े ही नहीं,जब वह पढ़ेंगे नहीं तो फिर नौकरी नहीं मांगेंगे.
राज्यांश से छात्रों को मिलेगी छात्रवृत्ति-चमरा लिंडा
विधायक जयराम महतो द्वारा छात्रों की लंबित छात्रवृत्ति को लेकर उठाये गए सवाल और उनके आक्रामक रूख के बाद प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री चमरा लिंडा ने कहा कि राज्य के हिस्से की 400 करोड़ की राशि अब राज्य सरकार देगी. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार छात्रवृत्ति के लिए अपना हिस्सा नहीं दे रही है.उन्होंने कहा कि छात्रवृत्ति के लिए अभी तक 06 करोड़ रिलीज कर दिया गया है. उन्होंने कहा कि शेष 400 करोड़ की राशि के लिए विभाग के तरफ से पीत पत्र भी जारी किया जाएगा.
केंद्र सरकार के पास 3 साल का है बैकलॉग
राज्य के कल्याण मंत्री चमरा लिंडा ने कहा कि केंद्र सरकार से राशि नहीं मिलने के कारण छात्रों को छात्रवृति नहीं दे पा रहे थे. कानून ऐसा बना हुआ है कि जब केंद्र से छात्रवृत्ति योजना का केन्द्रांश आएगा, तब खजाना खुलेगा. हम लोग सिस्टम का हिस्सा हैं. ऐसे हमें फैसला लेना पड़ेगा. अगले 01 महीने के अंदर छात्रवृत्ति देने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी.
ये भी पढ़ें-
स्थापना समितियों में जनप्रतिनिधि नदारद! JLKM विधायक के सवाल पर सरकार का साफ जवाब, अभी कोई नियम नहीं

