ETV Bharat / state

MLA Fund Case : राठौड़ बोले- कसाब को भी मौका दिया था, हम न्याय का पालन करेंगे, कार्यशाला में बनेगा जीत का रोडमैप

विधायक रेवंत राम डांगा को लेकर बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि कसाब को मौका दिया तो, उनके लिए भी न्याय का पालन करेंगे.

BJP Madan Rathore
बीजेपी अध्यक्ष राठौड़ (ETV Bharat Jaipur)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : January 1, 2026 at 3:50 PM IST

6 Min Read
Choose ETV Bharat

जयपुर: विधायक निधि में कथित भ्रष्टाचार के मामले में एक तरफ विधानसभा की सदाचार कमेटी जांच कर रही है, वहीं दूसरी ओर भाजपा अनुशासन समिति ने भी डांगा को नोटिस जारी कर अपना पक्ष रखने को कहा है. दोनों ही जांच कमेटियों के बीच भले ही भाजपा विधायक रेवंतराम डांगा की मुश्किलें बढ़ती हुई दिख रही हैं, लेकिन प्रदेश भाजपा डांगा के मामले में पूरी न्याय प्रक्रिया का पालन करेगी. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने स्पष्ट कर दिया कि जब न्याय के लिए आतंकी कसाब को मौका दिया जा सकता है, तो फिर भाजपा विधायक रेवंतराम डांगा को क्यों नहीं ? राठौड़ ने कहा कि डांगा के लिए भी न्याय प्रक्रिया का पालन करेंगे. राठौड़ ने BAP विधायक जय कृष्ण पटेल को ज्यादा गंभीर बताया.

कसाब को मौका तो डांगा को क्यों नहीं ? : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि एक न्यूज पेपर एजेंसी ने स्टिंग ऑपरेशन किया, लेकिन उसमें भी स्वीकारिता को हम अपराध की श्रेणी में लेते हैं. स्वीकार क्यों किया जाए, यह हम ठीक नहीं मानते. कैसे भी फंसाया होगा, कुछ भी कहा गया हो, लेकिन स्वीकार कैसे कर सकते हैं? यह सब सुचिता की श्रेणी में नहीं आता है.

मदन राठौड़ का बड़ा बयान, सुनिए... (ETV Bharat Jaipur)

राठौड़ ने कहा कि ऐसा नहीं है कि हमने माफ कर दिया हो, हमने मामले को अनुशासन समिति में दिया है. अनुशासन समिति इस पूरे मामले की समीक्षा करेगी. हमने जो कुछ अब तक किया, वह समाचार पत्र में छपी खबर के आधार पर किया. उस समाचार में कितनी सच्चाई थी? कितनी वास्तविकता थी? कितनी काटछांट की गई? किन शब्दों को छिपा दिया गया? किन शब्दों को बाहर निकाला गया? यह सब जांच के बाद सामने आएगा. राठौड़ ने कहा कि न्यायिक प्रक्रिया है कि जब कसाब जैसे व्यक्ति को भी न्याय के लिए समय दिया जाता है तो हम भी न्याय का पूरा पालन करेंगे. कानून अपना काम करेगा, अनुशासन समिति अपना काम करेगी.

पढ़ें : राजस्थान कैबिनेट के बड़े फैसले: जनवरी में चलेगी पचपदरा रिफाइनरी, AI नीति और वाहन स्क्रैपिंग को मंजूरी

विधानसभा की कमेटी भी कर रही जांच : मदन राठौड़ ने कहा कि हम तो जांच कर रहे हैं. इसके अलावा जो भी इस मामले में तीन विधायकों के नाम शामिल हैं, उन तीनों के मामले को लेकर विधानसभा की बनी सदाचार कमेटी भी जांच कर रही है. न्याय प्रक्रिया के हिसाब से काम हो रहा है. किसी भी तरह का भ्रष्टाचार ठीक बात नहीं है. उन्होंने जय कृष्णा पटेल के मामले का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने विधानसभा प्रश्न लगाने के मामले में पैसे लिए हैं. पटेल तो रंगे हाथ गिरफ्तार किए गए हैं, जो कि संवैधानिक प्रक्रिया के हिसाब से बहुत बड़ा अपराध है. उनका अपराध तो किसी भी तरह से माफी योग्य नहीं है. तथ्य सामने हैं, विधायक निधि भ्रष्टाचार और विधानसभा में प्रश्न की आवाज में पैसे मांगने, दोनों ही मामले अलग-अलग तरह के हैं. एक नाटक का स्वरूप है तो दूसरा वास्तविकता से जुड़ा हुआ, लेकिन अपराध किसी तरह का हो, नहीं होना चाहिए.

पढे़ं : विधायक डांगा पर एक्शन की तैयारी, भाजपा अनुशासन समिति ने भेजा नोटिस

विधायक निधि में भ्रष्टाचार का मामला : पिछले दिनों एक निजी समाचार पत्र के स्टिंग ऑपरेशन में भाजपा से खींवसर विधायक रेवंतराम डांगा हिंडौन से कांग्रेस विधायक अनीता जाटव और बयाना (भरतपुर) से निर्दलीय विधायक ऋतु बनावत विधायक निधि में कथित रूप से भ्रष्टाचार के आरोपों में फंसे थे. मामले की गंभीरता को देखते हुए बीजेपी की अनुशासन समिति ने अपने विधायक रेवंतराम डांगा को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है. डंगा की तरफ से जवाब आने के बाद भाजपा की अनुशासन समिति आगे की कार्रवाई करेगी. उधर विधायक भ्रष्टाचार के मामले में फंसे तीनों विधायकों को 6 जनवरी को विधानसभा में पेश होते हुए अपना स्पष्टीकरण देना है.

प्रधानमंत्री इस माह आ सकते हैं : प्रदेश की रिफाइनरी के मामले को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का राजस्थान दौरा इसी माह संभव हो सकता है. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि अभी तक इस दौरे को लेकर स्वीकृति का इंतजार है. वहीं, उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर रिफायनरी को लेकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि गहलोत इसका विरोध क्यों कर रहे हैं. हमने राजस्थान का फायदा देखा, लेकिन कांग्रेस ने रिफाइनरी के मामले में बंदरबांट की.

निकाय-पंचायत चुनाव को लेकर कार्यशाला, 3 जनवरी को होंगे कई सत्र : कांस्टीट्यूशन क्लब में होने वाली कार्यशाला करीब 8 घंटे चलेगी. कार्यशाला में अलग-अलग सत्र आयोजित होंगे. कार्यशाला में एक कॉमन सत्र भी आयोजित होगा, जिसमें सामूहिक रूप से सत्ता व संगठन के बीच तालमेल बनाते हुए आगामी पंचायती राज चुनावों और अभियानों में बेहतर परफॉर्मेंस की रणनीति तैयार की जाएगी. कार्यशाला में बीएल संतोष प्रदेश भाजपा की ओर से पिछले साल चलाए गए अभियानों और कार्यक्रमों में पार्टी की परफॉर्मेंस का हिसाब भी लेंगे. बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी, संभाग समन्वयक, जिला समन्वयक और अन्य प्रमुख कार्यकर्ता शामिल होंगे. इस कार्यशाला में आगामी चुनावों की रणनीति, संगठनात्मक जिम्मेदारियों का बंटवारा और जनसंपर्क अभियानों की रूपरेखा तय की जाएगी.

एक साल में सभी चुनाव कराना है : प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि पार्टी का लक्ष्य 2026 में सभी चुनावों को एक ही वर्ष में सम्पन्न कराना है. आगामी निकाय और पंचायत चुनावों के लिए कार्यकर्ता पूरी तरह से उत्साहित हैं और पार्टी के प्रति जनता का विश्वास लगातार बढ़ रहा है. जनता ने कांग्रेस को देख लिया, वो सिर्फ भ्रम फैलाने का काम करते हैं. मदन राठौड़ ने बताया कि पार्टी ने इन चुनावों के लिए अपनी रणनीति तैयार कर ली है और कार्यकर्ता किसी भी चुनौती का सामना करने के लिए तैयार हैं.