रामनगर में रानीखेत रोड पर पार्किंग का लोकार्पण, जाम से मिलेगी राहत, जानिए शुल्क
रामनगर में रानीखेत रोड पर 10 लाख की लागत से बनी नई पार्किंग का लोकार्पण, वन विभाग ने पार्किंग का कराया है निर्माण

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : March 3, 2026 at 3:52 PM IST
|Updated : March 3, 2026 at 5:40 PM IST
रामनगर: नैनीताल के रामनगर में अब जाम से राहत मिलने की उम्मीद है. क्योंकि, रामनर में रानीखेत रोड स्थित बस स्टेशन के पास 10 लाख रुपए की लागत से नया पार्किंग तैयार हो गया है. इतना ही नहीं इस पार्किंग का विधिवत उद्घाटन क्षेत्रीय विधायक दीवान सिंह बिष्ट और कुमाऊं वन वृत्त के मुख्य वन संरक्षक साकेत बडोला ने संयुक्त रूप से कर दिया है. इस पार्किंग को वन प्रभाग की कोसी रेंज ने तैयार किया है.
रामनगर विधायक दीवान सिंह बिष्ट ने कहा कि रानीखेत रोड क्षेत्र में लंबे समय से पार्किंग की समुचित व्यवस्था नहीं थी. बस स्टेशन के पास होने के कारण यहां रोजाना वाहनों की भारी आवाजाही रहती है, जिससे अक्सर जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती थी. स्थानीय व्यापारियों, यात्रियों और आम नागरिकों को इससे काफी असुविधा का सामना करना पड़ता था.
उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों की मांग और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के उद्देश्य से वन विभाग ने 10 लाख रुपए की लागत से वन विभाग पार्किंग का निर्माण कराया है. नई पार्किंग व्यवस्था से अब रानीखेत रोड पर अव्यवस्थित खड़े वाहनों की समस्या कम होगी और यातायात सुचारू रूप से संचालित हो सकेगा.
"पार्किंग स्थल को व्यवस्थित तरीके से विकसित किया गया है, जिससे ज्यादा से ज्यादा वाहन सुरक्षित रूप से खड़े किए जा सकें. पार्किंग में चार पहिया वाहनों के लिए शुल्क 50 रुपए और दोपहिया वाहनों के लिए 20 रुपए निर्धारित किया गया है."- डॉ. साकेत बडोला, कुमाऊं चीफ, वन विभाग
वन विभाग का कहना है कि इस पहल से न केवल यातायात व्यवस्था बेहतर होगी. बल्कि, शहर की सुंदरता और अनुशासन भी कायम रहेगा. स्थानीय लोगों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि इससे रानीखेत रोड क्षेत्र में जाम की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी.

एक साथ पार्क कर सकेंगे 300 वाहन: बता दें कि रामनगर वन प्रभाग की ओर से शहर की पहली वन विभाग पार्किंग तैयार की गई है. जिसमें 300 से ज्यादा वाहन एक साथ पार्क किए जा सकेंगे. विश्व प्रसिद्ध जिम कॉर्बेट राष्ट्रीय उद्यान का प्रवेश द्वार होने के कारण रामनगर में पर्यटन सीजन के दौरान वाहनों का भारी दबाव रहता है.
ऐसे में इस नई पार्किंग से जाम की समस्या में काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है. वन विभाग के इस प्रयास से पर्यटकों को सुरक्षित और व्यवस्थित पार्किंग सुविधा मिलेगी. साथ ही शहर की यातायात व्यवस्था भी बेहतर हो सकेंगी.
ये भी पढ़ें-

