ETV Bharat / state

वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर की नाराजगी पर बोले सीपी सिंह- दोबारा सुरक्षा मिले तो ना लें, वरना लोग हंसेंगे

बीजेपी विधायक सीपी सिंह ने वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर के द्वारा सुरक्षा गार्ड लौटाए जाने पर प्रतिक्रिया दी.

BJP MLA CP SINGH
बीजेपी विधायक सीपी सिंह (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : July 6, 2026 at 2:42 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

रांची: झारखंड सरकार में वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर की ओर से सुरक्षा व्यवस्था लौटाए जाने के बाद बीजेपी की तरफ से बयान आया है. पार्टी विधायक सीपी सिंह ने सवाल करते हुए कहा कि एक मंत्री अपनी ही सरकार की आलोचना करते हुए पत्र लिखता हो और उसे सार्वजनिक कर देता हो, यह यक्ष प्रश्न है. उन्होंने कहा कि सरकार के अंदर होना चाहिए मीडिया या आम जनता तक उसे पहुंचने की कोई जरूरत नहीं थी.

DGP पर चलना चाहिए विशेषाधिकार हनन का मामला: सीपी सिंह

सीपी सिंह ने कहा कि कितनी दुर्भाग्यपूर्ण बात है कि सरकार के नंबर दो दर्जे के वरिष्ठ मंत्री के पत्र का डीजीपी जवाब नहीं देते हैं. ऐसे पुलिस महानिदेशक पर विशेषाधिकार हनन का मामला चलना चाहिए लेकिन यह हिम्मत मंत्री में नहीं है. उन्होंने कहा कि यह देखना दिलचस्प होगा कि वित्त मंत्री कितने दिनों तक बिना सुरक्षा के रहेंगे.

वित्त मंत्री की सुरक्षा व्यवस्था पर बयान देते हुए एमएलए सीपी सिंह (Etv Bharat)

सीपी सिंह ने कहा कि आज वित्त मंत्री बिना सुरक्षा के काम करते हुए देखे जा रहे हैं, जिसे जनता भी देख रही है, यदि कल राज्य सरकार ने सुरक्षा व्यवस्था उन्हें मुहैया करा दी तो क्या वह इसी तरह अकेले घूमेंगे, होना तो यह चाहिए कि सरकार 16 या फिर 1600 सुरक्षा जवान मुहैया करा दें लेकिन हम उसे नहीं लेंगे और बिना सुरक्षा के जनता की सेवा करते रहेंगे.

मैंने सुरक्षा मुहैया पर विधानसभा में सवाल नहीं उठाया: सीपी सिंह

भाजपा विधायक सीपी सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर की नाराजगी को नाटक करार देते हुए कहा कि मैंने कभी भी सुरक्षा मुहैया कराने के लिए विधानसभा में सवाल नहीं उठाया. विधायक ने कहा कि पुलिस वाले बड़े ही 'स्वार्थी' होते हैं और ये सिर्फ सीएम को सलामी ठोकने में लगे रहते हैं क्योंकि इन्हें पता है कि इनका ट्रांसफर पोस्टिंग मुख्यमंत्री के ही हाथ में है.

मेरी सुरक्षा में तैनात हाउस गार्ड हटा लिया गया था: विधायक सीपी सिंह

ऐसी स्थिति में वह जानते हैं कि मंत्री क्या बिगाड़ लेगा? क्योंकि उनके पास कोई पावर नहीं है. बीजेपी विधायक ने आपबीती बताते हुए कहा कि तत्कालीन डीजीपी एमवी राव के समय उन्हें हाउस गार्ड को सिर्फ इस बात के लिए हटा लिया गया था कि उन्होंने आयरन हैंड संबंधी डीजीपी के बयान पर प्रतिक्रिया स्वरूप कहा था कि देखते हैं कि कैसा आयरन हैंड होता है और इस वजह से रातों-रात हमारे आवास से सुरक्षा गार्ड हटा लिया गया था.

बीजेपी नेता सीपी सिंह ने कहा कि जितनी सुरक्षा रहती है, उतना ही खतरा बढ़ता है और आज तक मुझे कोई सुरक्षा को लेकर चिंता नहीं रही है, क्योंकि मैं आम लोगों की तरह ही वैष्णो देवी गया था, वो भी बिना सुरक्षा व्यवस्था के. इसलिए मैं कहना चाहता हूं कि यदि वित्त मंत्री ने अपने आप को हाइलाइट करने के लिए इस तरह का कदम उठाया है तो कोई बात नहीं लेकिन यदि वाकई में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संयुक्त सचिव के द्वारा लिखे गए पत्र से वह आहत है तो उन्हें सुरक्षा व्यवस्था बाद में मुहैया भी कराई जाती है तो वह ना लें, नहीं तो उनका सिर्फ और सिर्फ मजाक ही उड़ेगा क्योंकि वह न केवल वरिष्ठ मंत्री हैं बल्कि एक वरिष्ठ विधायक भी हैं.

ये भी पढ़ें- वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने डीजीपी पर साधा निशाना, कहा- किसी को यह नहीं समझना चाहिए कि पुलिस उनकी निजी संस्था है

वित्त मंत्री द्वारा सुरक्षा वापस करने पर भड़की भाजपा, आदित्य साहू बोले- यह जनता की आंखों में धूल झोंकने का नाटक

कारकेड और सुरक्षा गार्ड लौटाने पर झामुमो नेता का बयान, कहा- मंत्री राधाकृष्ण किशोर थोड़ी मैच्योरिटी के साथ फैसला लेते तो अच्छा होता